कांग्रेस में नई कार्यकारिणी को लेकर नेताओं की दिल्ली दौड़

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 4, 2024
jitu patwari (file)

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी दिल्ली में अटकी हुई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जल्द ही नई कार्यकारिणी की घोषणा करने का दावा किया था, बावजूद, सूची दिल्ली में फंसी हुई है। जानकारी के अनुसार, पटवारी इस बार कार्यकारिणी में सीमित नाम रखना चाहते हैं, लेकिन कई नेता अपने समर्थकों को पद दिलाने के लिए दिल्ली की ओर दौड़ लगा रहे हैं।

प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। जीतू पटवारी ने करीब 8 महीने पहले अध्यक्ष पद संभाला और पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद से नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर दावा किया गया था, लेकिन अब तक इसकी घोषणा नहीं हो पाई है। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश स्तर पर सूची तैयार हो चुकी है, लेकिन अब इसे आला कमान की मंजूरी का इंतजार है।

दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, और अन्य प्रदेश नेता सूची को लेकर विचार-विमर्श कर रहे हैं। भंवर जितेन्द्रसिंह भी वहां मौजूद थे। अधिकांश नेता चाहते हैं कि उनके समर्थकों के नाम कार्यकारिणी में शामिल किए जाएं, जिसके लिए जोर-शोर से प्रयास किए जा रहे हैं।

पटवारी हाल ही में बुधनी विधानसभा के दौरे पर थे। प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि सूची दिल्ली को भेज दी गई है और जल्द ही कार्यकारिणी की घोषणा की जा सकती है।