शादी समारोह में सांप के जोड़े की अठखेलियां देख भागे लोग

Author Picture
By Sharma Published On: May 18, 2023

दमोह। दमोह जिले के हटा ब्लॉक के रसीलपुर गांव में मंगलवार की रात रजक परिवार के लोग उस समय सख्ते में आ गए, जब सांपों का जोड़ा शादी पंडाल में पहुंच गया। जैसे ही शादी में शामिल होने आए लोगों ने सांपों को अठखेलियां करते देखा, तो उनकी सांसें अटक गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाकर किसी तरह भागे। इसके बाद सांप का रेसक्यू कर उसे पकड़ा गया और जंगल में छोड़ा गया।

 

 

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात रसीलपुर गांव में रजक परिवार के घर बारात आई थी और मेहमान खाना खा रहे थे। चारों ओर शादी की खुशियों का माहौल था। इसी दौरान दो सांप अचानक से शादी पंडाल में पहुंच गए। सांप अठखेलियां करते हुए पूरे पंडाल में घूमने लगे। जैसे ही लोगों ने सांपों को देखा तो शादी पंडाल से भागना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ लोगों ने सांप को भगाने का प्रयास किया, जिससे एक सांप भाग गया, लेकिन दूसरा टेबिल के नीचे घुसने लगा। इसके बाद एक युवक ने प्लास्टिक के डिब्बे में किसी तरह सांप को पकड़ा और फिर जंगल में छोड़ा। सांपों के जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ।