युवक ने मारपीट कर युवती के साथ किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: August 19, 2022

खंडवा। बखरगांव में युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया। आरोप ग्राम सुलगांव के एक युवक पर लगा है। अपने साथ हुई इस घटना के करीब डेढ़ माह बाद युवती ने धनगांव थाने में शिकायत की। प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपित युवक की तलाश में पुलिस लग गई है।

 

ग्राम सुलगांव निवासी 22 वर्षीय युवती चार जुलाई को अपनी मां के घर बखरगांव में आई थी। यहां दोपहर में करीब डेढ़ बजे उसे आरोपित मनीष पुत्र मंशाराम अपहरण कर ले गया। बाइक पर जबरदस्ती युवती को बैठाकर उसे अपने साथ ले गया। गांव से कुछ दूर ले जाकर उसने युवती के साथ मारपीट की। साथ ही उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना किसी को बताने पर युवती को जान से मारने की धमकी दी थी।

 

पुलिस के अनुसार युवती का कहना है कि वह आरोपित के डर से चुप रही। इसके बाद वह ससुराल चली गई थी। बुधवार को अपने साथ हुई घटना के बारे में पति को बताया। इसके बाद वह पति के साथ धनगांव थाने पहुंची। यहां उसकी शिकायत पर धनगांव पुलिस ने आरोपित मनीष पर केस दर्ज किया।