भोपाल। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीएसपी नेहा पच्चीसिया को इंजीनियर पति ने पीट दिया। वह पति से अलग रह रही हैं। बंगले पर आए पति से उन्होंने आने से मना किया, तो इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। पति ने धक्का देकर डीएसपी का सिर दीवार पर दे मारा। डीएसपी को मामूली चोट आई है। हबीबगंज पुलिस ने शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मारपीट और धमकी का केस दर्ज किया है। पति ने पुलिस को बताया कि वह बच्चों से मिलने आया था। पत्नी झूठे आरोप लगा रही है।
आरोपी पति के खिलाफ पलिस ने दर्ज किया मामला
हबीबगंज थाना प्रभारी भान सिंह प्रजापति ने बताया कि चार इमली इलाके में रहने वाली डीएसपी नेहा पच्चीसिया पुलिस मुख्यालय में पदस्थ हैं। उनकेजुड़वा बच्चे हैं। नेहा ने पुलिस को बताया की रविवार शाम पति अंशुल जोशी घर आए। घर में आने से रोकने पर विवाद करने लगे। उन्होंने मारपीट की। सिर दीवार पर मार दिया। अंशुल जोशी छोला मंदिर इलाके में रहते हैं। नेहा का आरोप है कि उनके पति नशे के आदी हैं।
महिला डीएसपी का कहना था कि मुझसे टीआई क्यों परेशान हैं
नेहा का फरवरी 2021 में गुना से ट्रांसफर हो गया था। इसके बाद उनके नाम से फेसबुक पर एक पोस्ट होता है। इसमें लिखा होता है- आइजी अविनाश शर्मा इज अवर कल्प्रिट।’ यानी आइजी हमारे दोषी हैं। पोस्ट के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था। बाद में पोस्ट डिलीट कर दी गई। नेहा ने अपनी सफाई में कहा था कि उन्हें बदनाम करने के लिए यह पोस्ट की गई है। वह फेसबुक पर 6 महीने से इनएक्टिव है। तब अविनाश शर्मा ग्वालियर रेंज के आइजी थे। इस विवाद से नेहा पच्चीसिया इतनी परेशान हो गईं कि नौकरी छोड़ कर लड़ाई लड़ने की बात तक कह दी थी। उनका कहना था कि मुझसे टीआई क्यों परेशान हैं। टीआई के खिलाफ मैंने आइजी से लिखित शिकायत की है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय को भी इसकी जानकारी भेजी है। उनके रौब का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुना के तत्कालीन एसपी ने अपने पूरे ऑफिस में सीसीटीवी कैमरे लगवा लिए थे।
Recent Comments