Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में चंदन नगर थाना क्षेत्र के अहमद नगर बाग में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देर रात तेज बारिश और हवा के कारण सड़क पर बिजली का तार गिर गया था, जिसे हटाने की कोशिश में एक नाबालिग करंट की चपेट में आ गया। यह तार राहगीरों के लिए खतरा बन गया था और नाबालिग ने उसे हटाने का प्रयास किया, लेकिन उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह नाबालिग तार के संपर्क में आते ही करंट लगने से जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसकी निगरानी की जा रही है।

बिजली और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं की खुली पोल
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बिजली और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बारिश के दौरान टूटे और झूलते तारों की वजह से हादसे आम होते जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है और बिजली कंपनी मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली सप्लाई बंद कर देती है, लेकिन टूटी केबल और झूलते तारों की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं देती।
जर्जर तारों की मरम्मत की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि तुरंत बिजली के जर्जर और झूलते तारों की मरम्मत की जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लोगों ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले भी एक बच्चा ड्रेनेज में गिरते-गिरते बचा था, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नागरिकों ने प्रशासन से बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की अपील की है।


