BJP के नेता बोले- सिंधिया के आने से भाजपा की हालत खराब

Author Picture
By Sharma Published On: May 5, 2023

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत लगातार पार्टी के खिलाफ मुखर हैं। अब उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बोला है। उन्होंने कहा है कि मप्र में भाजपा की खराब हालत के लिए सिंधिया जिम्मेदार हैं और भाजपा में अब जमीनी कार्यकर्ता और असली नेताओं की पूछ परख खत्म हो गई है।

 

 

भंवर सिंह शेखावत ने दीपक जोशी की नाराजगी को लेकर कहा कि उन्होंने भी लगातार अपनी व्यथा बताने की कोशिश की लेकिन पार्टी में किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। अब उनका जो भी निर्णय है वो उनका अपना है। वो फिर सही है या गलत, दीपक जोशी जानें। भंवर सिंह शेखावत अपनी ही पार्टी में तवज्जो नहीं मिलने को लेकर व्यथित नजर आ रहे हैं। वे लगातार अपनी पार्टी को कह रहे हैं कि कांग्रेसियों के आने के बाद भाजपा की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने बदनावर सीट से राज्यवर्धन दत्तीगांव के चुनाव को लेकर भविष्यवाणी की कि वह 110% अगला चुनाव हारेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में कांग्रेसियों के आने से जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। बाहर से आए कांग्रेसियों ने पार्टी के अंदर पार्टी बना ली है और इसके बाद प्रदेश में भाजपा की राह मुश्किल दिख रह रही है। इतना ही नहीं, वे ये तक कह गए कि पिछले चुनाव में भाजपा की हार का कारण खुद भाजपा के नेता थे। इस तरह एक बार फिर उनके बगावती बोल सुनने को मिले हैं।

उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी में इसी तरह चलता रहा तो आने वाला समय भाजपा के लिए मध्यप्रदेश में मुश्किल होगा। यदि सिंधिया के साथ मिलकर सरकार नहीं बनाई गई होती तो आज भारतीय जनता पार्टी की स्थिति बहुत मजबूत होती। उन्होंने कहा कि सिंधिया के आने के बाद भाजपा की जमीन खोखली हो गई, सिद्धांत छूट गए। इससे पहले कभी भाजपा नेताओं पर इतने भ्रष्टाचार के आरोप नहीं सुने, लेकिन सिंधिया के साथ जो लोग आए हैं उन्होंने खुलेआम लूट मचा रखी है।