मानसून को मिली रफ्तार,18 इंच के करीब पहुंचा आंकड़ा

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 17, 2020
Monsoon gained momentum, MP Samachar
इंदौर। 15 जून को मानसून घोषित होने के बाद बारिश की झड़ी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। पिछले चार दिन से रोजाना हो रही बारिश ने सुस्त मानसून को रफ्तार दी है। बारिश का आंकड़ा 18 इंच के करीब पहुंच गया है। यशवंत सागर में भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 10 दिन पहले तक 19 फीट क्षमता वाले इस तालाब में 13 फीट पानी था। अब इसमें 15.8 फीट पानी आ गया है।
अच्छी बात यह है कि मानसून का मिजाज 20 अगस्त तक ऐसा ही रहने वाला है। बादल छाए रहेंगे। बारिश के दौर भी चलते रहेंगे। पिछले 24 घंटे में 24.3 मिमी यानी 1 इंच के करीब पानी बरसा है। इसे मिलाकर कुल बारिश 17.9 इंच हो चुकी है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले यह काफी कम है। पिछले साल इस समय तक 28 इंच के करीब पानी बरस गया था।
जिले की बारिश भी पिछड़ी
शहर में इस समय तक 20 इंच पानी गिर जाना चाहिए था, वहीं जिले की बात की जाए तो इस वक्त तक 21 इंच पानी गिरना चाहिए, लेकिन जिले में अब तक औसत 19.9 इंच ही बारिश हुई हैै। हालांकि मानसून की स्थिति देखते हुए औसत बारिश के आंकड़े तक पहुंचने के आसार दिख रहे हैं।