MP में सुबह धूप, रात में सर्द हवाएं, अब बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD अपडेट

Author Picture
By Desk Input Published On: February 5, 2025

इंदौर। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। भोपाल सहित ग्वालियर और उज्जैन संभाग को छोड़कर प्रदेश के अन्य संभागों में सुबह तीखी धूप और रात में हल्की सर्द हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा, ग्वालियर संभाग के जिलों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

फरवरी में दिन में गर्मी और रात में ठंड का असर
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह में दिन के समय गर्मी और रात में ठंड का असर देखने को मिल सकता है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में कोहरे का प्रभाव देखा गया।

इसके अतिरिक्त, ग्वालियर, सतना, जबलपुर और सागर में सुबह से ही बादल छाए रहे। बीते 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।

प्रदेश में तापमान का हाल
भोपाल में सबसे कम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान मंडला जिले में 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा, सिवनी में 33.4 डिग्री, जबलपुर में 33.3 डिग्री, बैतूल में 32.8 डिग्री और सागर में 32.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भोपाल में मौसम साफ रहने के साथ ही दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच बना रहा। रात के तापमान में हल्के उतार-चढ़ाव के साथ 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया।

ठंड का असर कम, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मध्य प्रदेश में अचानक से थम चुके ठंड के दौर के बाद फरवरी के पहले हफ्ते में भी ठंड का असर देखने को नहीं मिलेगा। मौसम की अठखेलियों के बीच एक बार फिर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 12-14 फरवरी को बारिश होने की संभावना है। वहीं, 20 फरवरी के बाद से ठंड का असर कम हो जाएगा, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।

एमपी के सबसे ठंडे शहर
प्रदेश के पांच सबसे कम तापमान वाले शहरों में भोपाल की रात सबसे ठंडी रही, जहां तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, नौगांव (छतरपुर) में 11.6 डिग्री, छतरपुर में 12.2 डिग्री, अशोकनगर में 12.4 डिग्री और मंडला में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।