अस्पताल में रेप आरोपी ने लगाई बाथरूम में फांसी

Author Picture
By Desk Input Published On: December 26, 2024

इंदौर। एमवाय अस्पताल में एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह रेप के आरोप में जेल में बंद था। आरोपी भर्ती होने के दौरान भी पुलिस अभिरक्षा में था और उसके हाथ में हथकड़ी रहती थी। उसने आत्महत्या के लिए अस्पताल के बाथरुम को चुना कपड़े से फंदा बनाकर वह फांसी पर लटक गया। बीते एक सप्ताह से वह हर्निया की बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती था।

पुलिस के अनुसार राजस्थान के चापड़ा गांव में रहने वाला महेंद्र सिंह रेप के आरोप में बंद था। उसे 16 नवबंर को सेंट्रल जेल भेजा गया था। हर्निया के इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। बीती रात उसे तेज दर्द उठा था और दर्द के कारण चीख भी रहा था। इसकी जानकारी वार्ड में तैनात गार्ड ने डाक्टरों को दी थी। रात को दर्द कम होने की दवाई उसे दी गई थी।

सुबह महेंद्र उठा और उसने बाथरुम में जाकर फांसी लगा ली। जब वार्ड के दूसरे मरीज बाथरुम में गए तो उन्होंने महेंद्र को फांसी के फंदे पर लटके देखा और पुलिस को सूचना दी।

संयोगितागंज पुलिस ने मर्ग कायम की जांच शुरू कर दी है। सेंट्रल जेल प्रशासन ने कैदी के परिजनों को सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि जेल में बंद रहने और बीमारी की वजह से वह काफी तनाव में था। इस कारण उसने आत्महत्या कर ली।