International Yoga Day: योग ही है शांति की चाबी! तनाव में डूबी दुनिया को पीएम मोदी ने दिखाया शांति का योगमार्ग

International Yoga Day के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण के साथ मिलकर योग किया। उनके साथ सैकड़ों लोगों ने भी योग किया और पूरे उत्साह के साथ इस खास दिन को मनाया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने जनता को संबोधित भी किया और योग के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि ये खुशी की बात है कि आज 11वीं बार पूरी दुनिया एक साथ योग कर रही है।

तनाव भरे समय में शांति का रास्ता है योग

पीएम मोदी ने कहा कि आज का समय बहुत उथल-पुथल भरा है। दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और अशांति बढ़ रही है। ऐसे समय में योग हमें शांति का रास्ता दिखाता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि बढ़ता मोटापा पूरी दुनिया के लिए एक गंभीर चुनौती है। इसके लिए उन्होंने ‘१०% तेल कम करो’ चैलेंज भी शुरू किया था और फिर से सबको इसमें भाग लेने का आग्रह किया।

योग केवल शरीर का नहीं, प्रकृति से जुड़ने का माध्यम है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग केवल शरीर और मन को ही नहीं सुधारता बल्कि यह पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति हमारी जागरूकता को भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि योग हमें ये सिखाता है कि हम अकेले नहीं हैं बल्कि प्रकृति का हिस्सा हैं। इस वर्ष के योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’ इसी भावना को दर्शाती है।

योग से जुड़ रही है पूरी दुनिया

पीएम मोदी ने बताया कि कैसे योग ने पूरी दुनिया को जोड़ दिया है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि दिव्यांगजन योग शास्त्र पढ़ रहे हैं। वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग कर रहे हैं और गांव-गांव में युवा योग ओलंपियाड में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग को जनआंदोलन बनाना चाहिए जिससे पूरी दुनिया में शांति और स्वास्थ्य फैले।

भारत कर रहा है योग पर वैज्ञानिक शोध

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत योग के वैज्ञानिक स्वरूप को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। देश के बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत ने संयुक्त राष्ट्र में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा था तो 175 देशों ने उसका समर्थन किया। यह दर्शाता है कि योग सबका है और सबके लिए है। पीएम मोदी ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि योग से ही जीवन में संतुलन और शांति आएगी।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!