मंडला। मंडला जिले के बीजाडांडी थानांतर्गत ग्राम खूंटापड़ाव में गुरुवार देर रात भाजपा युवा नेता विकास यादव पर 7-8 बदमाशों ने उनके घर में घुसकर प्राणघातक हमला किया। जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हमलावर जावेद उर्फ बकरीदी बताया जा रहा है, उसने अपने 7-8 साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा जिला मंत्री विकास यादव और बदमाश जावेद उर्फ बकरीदी का एक जमीन और टीन शेड को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर गुरुवार देर रात युवा मोर्चा के नेता विकास यादव के घर के अंदर करीब 7 से 8 बदमाश घुसे, जहां पहले विवाद किया फिर इसके बाद युवा नेता को घर से बाहर निकालकर उन पर चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें गर्दन, पेट, पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल-हाईवे-30 को जाम कर दिया। लोग अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आरोपी द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया गया है, जिसे हटाने की अनेक बार मांग की जा चुकी है। लोगों का कहना है कि जब तक अवैध अतिक्रमण हटाया नहीं जाता वे यहां से नहीं हटेंगे। मौके पर राजस्व एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
पुलिस ने बताया कि बकरीदी पर मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर जिले में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। विकास यादव द्वारा पूर्व में इसके विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई गई है। गुरुवार रात बकरीदी ने अपने परिवार के साथ मिलकर रंजिशवश विकास यादव पर जानलेवा हमला किया। पुलिस द्वारा बकरीदी एवं उसके बेटों सहित अन्य साथियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। इस हमले में शामिल मुख्य आरोपी सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है शेष की तलाश जारी है।
Recent Comments