Lemon water in morning: सुबह उठते ही एक गिलास नींबू पानी पीना आजकल एक हेल्दी ट्रेंड बन चुका है। नींबू पानी शरीर को हाइड्रेट करता है और थकावट को दूर कर ऊर्जा बढ़ाने में मदद करता है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन C होता है जो इम्युनिटी को मजबूत बनाता है। इसके अलावा यह स्किन को चमकदार बनाता है और पाचन क्रिया को बेहतर करता है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो नींबू पानी मेटाबॉलिज्म को तेज करके इस लक्ष्य को आसान बना सकता है।
खाली पेट नींबू पानी: हर किसी के लिए नहीं
हालांकि नींबू पानी के फायदे अनेक हैं लेकिन इसे खाली पेट पीना हर किसी के लिए सही नहीं है। नींबू में साइट्रिक एसिड की मात्रा अधिक होती है जो शरीर के पीएच बैलेंस को बिगाड़ सकती है। इससे एसिडिटी, जलन, गैस और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोगों में यह एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्याओं को भी बढ़ा सकता है।

पेट की बीमारियों वाले रहें सावधान
जिन लोगों को पेट की समस्याएं होती हैं जैसे गैस्ट्रिक अल्सर, एसिडिटी या जलन, उन्हें खाली पेट नींबू पानी पीने से बचना चाहिए। नींबू का एसिड पेट की परत को और अधिक संवेदनशील बना सकता है जिससे दर्द और जलन की समस्या हो सकती है। ऐसे लोगों के लिए सुबह-सुबह खाली पेट नींबू पानी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
दांतों और किडनी का भी रखें ख्याल
नींबू में मौजूद एसिड दांतों की इनेमल को कमजोर कर सकता है जिससे दांतों में सेंसिटिविटी और कैविटी होने की संभावना बढ़ जाती है। यदि आपके दांत पहले से ही सेंसिटिव हैं तो नींबू पानी पीने के बाद कुल्ला करना ज़रूरी है। इसके अलावा जिन लोगों को लो ब्लड प्रेशर या किडनी से जुड़ी समस्याएं हैं उन्हें नींबू पानी पीने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
नींबू पानी पीने का सही तरीका
अगर आप नींबू पानी को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान ज़रूरी है। हमेशा गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें और जरूरत से ज्यादा नींबू न डालें। पीने के बाद कुल्ला ज़रूर करें ताकि दांत सुरक्षित रहें। अगर दांत सेंसिटिव हैं तो स्ट्रॉ का उपयोग करें। हेल्दी बनने की चाह में बिना जानकारी के कुछ भी करना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है इसलिए हमेशा संतुलन बनाए रखें।


