गुना। गुना से हरिपुर जा रहे बाईक सवार युवक को गोली मारने वाले अज्ञात आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सनकी आशिक ने प्रेमिका को पाने, उसके पति को जान से मारने की नियत से उसे गोली मारी थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां बमुश्किल उसकी जान बचाई जा सकी थी। गनीमत रही कि गोली लगने के बाद भी युवक रुका नहीं और अपनी बाइक भगाकर ले गए, नहीं तो आरोपी उस पर और फायर कर सकता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
14 दिसंबर 2022 को एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे वीकेश(28) पुत्र राजपाल यादव निवासी ग्राम पिपरौदा थाना ईसागढ जिला अशोकनगर हाल ग्राम हरिपुर ने पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया कि वह स्पंदना स्पूर्ति माइक्रो फाइनेंस कंपनी में लोन बांटने व कलेक्शन का काम करता है। 13 दिसंबर की रात को वह अपनी गुना ब्रांच से मोटर सायकल द्वारा गांव हरिपुर जा रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे हाथ देकर रोकना चाहा, तो वह अपनी गाडी को साइड से निकालकर जाने लगा। इतने में पीछे से उस व्यक्ति ने उसमें गोली मार दी जो उसकी पीठ में बाईं तरफ लगी। फिर वह अपनी जान बचाकर मोटरसाइकिल को रोके बिना वहां से भागकर अपने घर हरिपुर पहुंचा। घटना के बारे में परिवार वालों को बताया, जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे उपचार हेतु निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि घटना पर तत्काल संज्ञान लेकर इस तरह गोली मारने वाले अज्ञात आरोपी की जल्द से जल्द तलाश कर उसे गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। सीएसपी श्वेता गुप्ता के मार्गदर्शन में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई अपनी टीम के साथ अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गए। पुलिस के तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की पहचान कल्ला पुत्र कमल सिंह यादव निवासी पठार मोहल्ला अशोकनगर के रुप में की गई। पुलिस ने संदेही कल्ला(24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
उसने पुलिस को बताया कि वीकेश यादव की पत्नि अशोकनगर में उसके पडोस की ही रहने वाली है। जिसे वह प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता था। इस कारण से वह वीकेश यादव को मारकर उसकी पत्नि को पाना चाहता था। उसने बताया कि वीकेश की हत्या करने के उद्देश्य से वह 13 दिसंबर को अशोकनगर से बस द्वारा गुना आया। हरिपुर रोड किनारे बैठकर वीकेश के आने का इंतजार किया। रात करीब 9 बजे जैसे ही गुना तरफ से वीकेश वहां पहुंचा, तो उसने वीकेश को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। उसने अपने साथ लिए देशी कट्टे से वीकेश को पीछे से गोली मार दी थी। इसके बाद भी वीकेश द्वारा अपनी मोटर सायकल नहीं रोकी और वह हरिपुर गांव तरफ भाग गया था। पुलिस ने घटना में उपयोग किया गया 315 बोर का देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।