Low BP diet: लो बीपी यानी लो ब्लड प्रेशर (Hypotension) एक ऐसी स्थिति है जिसमें रक्तचाप सामान्य से कम हो जाता है और शरीर के अंगों को पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसके कारण थकान, चक्कर आना, धुंधली दृष्टि, बेहोशी और दिल की धड़कन धीमी हो सकती है। लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहे तो यह दिल, किडनी और दिमाग के लिए खतरनाक हो सकती है।
लो बीपी में कैसी हो डाइट
लो बीपी को कंट्रोल करने में डाइट का सबसे अहम रोल होता है। डाइटिशियन डॉ. रक्षिता मेहरा के अनुसार ऐसे लोगों को आयरन, विटामिन B12 और फोलेट से भरपूर चीजें खानी चाहिए, जिससे खून बनता है और शरीर को ताकत मिलती है। अंडा, दूध, दही, बादाम, चुकंदर, अनार, केला, हरी सब्जियां और अंकुरित अनाज बहुत फायदेमंद हैं। खाना थोड़ा-थोड़ा करके दिन में 4-5 बार खाएं ताकि शरीर को लगातार ऊर्जा मिलती रहे।

नमक, पानी और हाइड्रेशन का ध्यान रखें
लो बीपी वालों को डॉक्टर की सलाह पर थोड़ा अतिरिक्त नमक खाना फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि नमक में मौजूद सोडियम रक्तचाप बढ़ाने में मदद करता है। लेकिन इसकी मात्रा सीमित होनी चाहिए। इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए रोज़ाना 2.5 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं। नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस जैसे ड्रिंक्स भी बहुत उपयोगी हैं।
इन चीजों को करें शामिल
अपने खाने में केला, अंडा, दूध, पालक, बादाम, राजमा और शकरकंद जैसी चीजें शामिल करें। दिन में एक बार भीगे हुए किशमिश, खजूर, मूंगफली, मखाना और हल्के नमकीन स्नैक्स खा सकते हैं जो एनर्जी देने के साथ BP को स्थिर रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा सुबह या दोपहर में 1 कप कॉफी या ग्रीन टी लेने से भी थोड़े समय के लिए BP बढ़ सकता है। हालांकि, रात में इसका सेवन न करें।
किन चीजों से बनाएं दूरी
लो बीपी के मरीजों को बहुत ज़्यादा मीठी चीजें, तले हुए और भारी भोजन से दूर रहना चाहिए। लंबे समय तक भूखे रहना या एक साथ भारी खाना भी अचानक BP गिरा सकता है। इसके अलावा शराब पीने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे BP और गिर सकता है। ऐसे में एक्टिव लाइफस्टाइल, संतुलित आहार और भरपूर नींद से लो बीपी को नियंत्रण में रखा जा सकता है। अगर लगातार कमजोरी या चक्कर आ रहे हों, तो डॉक्टर से संपर्क ज़रूर करें।


