32.8 C
Bhopal
Saturday, March 22, 2025

बड़ा हादसा, खदान में गिरी स्कार्पियो, हादसे से छह लोगों की मौत

Must read

राजपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। राजपुर- कुसमी मार्ग पर ग्राम लडुआ के समीप तेज गति की स्कार्पियो के डबरी में गिर जाने से बालिका सहित छह लोगों की मौत हो गई है। सभी कुसमी थाने के ग्राम लरिमा के रहने वाले हैं। स्कार्पियो में सवार होकर सभी सूरजपुर जा रहे थे।

शनिवार की रात लगभग आठ बजे स्कॉर्पियो में एक बालिका, एक महिला व चार आदमियों को लेकर चालक मुकेश दास कुसमी के लरिमा गांव से राजपुर की ओर आ रहा था। राजपुर पहुंचने से पहले ग्राम लडुआ के समीप तेज गति की स्कॉर्पियो पर से चालक का नियंत्रण हट गया। स्कॉर्पियो सड़क किनारे मौजूद डबरी (खदान) में गिर गई।

हादसे की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। चालक को खिड़की के सहारे किसी तरह बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया। इधर धीरे-धीरे स्कार्पियो का पीछे का हिस्सा गहरे पानी में समा गया। स्कार्पियो में पानी भर गया था और उसके सारे गेट बंद हो गए थे। उसमें सवार लोगों का दम घुटने लगा था। डबरी में पानी अधिक होने के कारण कोई उपाय भी नहीं सूझ रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एक्सीवेटर की मदद से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला। इस व्यवस्था में आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। सभी को स्कार्पियो से बाहर निकाल कर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में आठ साल की लड़की कृति ,महिला चंद्रावती के अलावा मंगल ,उदय ,भूपेंद्र और संजय शामिल हैं। चालक मुकेश दास को भी गंभीर चोट है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रिफर किया गया है।

जिस डबरी में हादसा हुआ, वह सड़क किनारे खेत में है। सुरक्षा के लिए कोई प्रबंध भी नहीं है। तेज गति को हादसे का कारण बताया जा रहा है। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने के कारण हादसे को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। स्कार्पियो का पीछे का हिस्सा डबरी में डूबा था। उसकी गहराई अधिक थी लेकिन पानी लगभग 10 फीट भरा हुआ था।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest News

error: Content is protected !!