मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, MP के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका..

भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से भोपाल, जबलपुर, होशंगाबाद, सागर संभाग के जिलों में अच्छी बरसात का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक छिंदवाड़ा में 43, पचमढ़ी में 31, होशंगाबाद में 14, भोपाल में 3.2, सागर में 2.0, भोपाल (शहर) में 1.5 मिलीमीटर बरसात हुई। शाम को राजधानी में 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इससे कई पेड़ गिर गए।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को झमाझम बरसात के साथ मानसून राजधानी में भी प्रवेश कर सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में आगे बढ़ा है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम के रविवार को गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी मप्र में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।

उधर, केरल से महाराष्ट्र तक एक अपतटीय ट्रफ बना हुआ है। एक ट्रफ पंजाब से बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। अरब सागर में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी उत्तरप्रदेश पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इन सिस्टम के कारण मानसून सक्रिय बना हुआ है। शुक्ला के मुताबिक रविवार को भोपाल, होशंगाबाद, सागर, जबलपुर, शहडोल संभाग में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!