Mika Singh Birthday: मशहूर गायक मिका सिंह का जन्म 10 जून 1977 को हुआ था और आज वह अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। कम ही लोग जानते हैं कि मिका का संगीत का सफर भजन और कीर्तन से शुरू हुआ था। उनके बड़े भाई दलैर मेहंदी जो खुद एक जाने-माने गायक हैं उन्होंने मिका को बॉलीवुड में लॉन्च किया। मिका का पहला गाना ‘सावन में लग गई आग’ साल 1998 में आया था जिसने उन्हें रातों-रात फेमस बना दिया था। इस गाने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना ली।
कभी तानों ने रुलाया कभी शोहरत ने संजोया
मिका सिंह का नाम भले ही आज शोहरत से जुड़ा हो लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें अपनी आवाज के लिए खूब ट्रोल किया गया। शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में मिका ने एक किस्सा साझा किया जिसमें उन्होंने बताया कि एक शो में जब वह ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ गा रहे थे तब प्रियंका चोपड़ा उनके पास बैठी थीं और उन्हें अपनी आवाज सुनकर रोना आ गया था। उन्होंने बताया कि लोग उनकी आवाज का मजाक उड़ाते थे और कहते थे तू कौन सा तानसेन की औलाद है। उस वक्त की याद ने उन्हें भावुक कर दिया और वह खुद पर भरोसा नहीं कर पाते थे।
View this post on Instagram
मिका सिंह की जिंदगी में विवाद भी कम नहीं रहे हैं। साल 2006 में उनके जन्मदिन की पार्टी में उन्होंने अभिनेत्री राखी सावंत को जबरन किस कर लिया था जिससे वह काफी हैरान रह गई थीं। राखी ने मिका के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था और यह मामला काफी दिनों तक मीडिया में छाया रहा। दोनों के बीच काफी समय तक बातचीत बंद रही लेकिन बाद में दोनों ने इस विवाद को सुलझा लिया और अब एक-दूसरे को दोस्त कहते हैं। इस विवाद ने मिका की छवि को भले ही झटका दिया लेकिन वह चर्चा में आ गए।
स्वयंवर में दुल्हन ढूंढने की कोशिश
साल 2022 में मिका सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आए जब उन्होंने एक रियलिटी शो के जरिए अपने लिए दुल्हन ढूंढने की कोशिश की। इस शो में 12 लड़कियों ने हिस्सा लिया लेकिन मिका ने वाइल्ड कार्ड एंट्री लेने वाली एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी को चुना। शो के बाद दोनों कुछ समय तक साथ नजर आए लेकिन बाद में उन्होंने रिश्ता खत्म कर दिया। अब दोनों एक-दूसरे को अच्छे दोस्त मानते हैं लेकिन फैंस को इस रिश्ते से काफी उम्मीदें थीं जो पूरी नहीं हो पाईं।
मिका सिंह की लाइफस्टाइल हमेशा से ही लग्जरी से भरपूर रही है। वह पहले ऐसे भारतीय सेलिब्रिटी हैं जिनके पास खुद का प्राइवेट आइलैंड है। मिका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया था जिसमें वह मोटरबोट चलाते नजर आ रहे थे और आइलैंड की झलक दिखा रहे थे। हालांकि उन्होंने इस प्रॉपर्टी की कीमत और लोकेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। इसके अलावा उन्होंने सात बोट्स और दस घोड़े भी खरीदे हैं जिससे लोगों को उनका आलीशान जीवन देखने को मिला। मिका की जिंदगी हमेशा से ही रोचक और चकाचौंध से भरी रही है।