Saturday, April 19, 2025

मोहन यादव इंदौर में फहराएंगे तिरंगा, नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम

इंदौर। इंदौर में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण करेंगे। समारोह में परेड के साथ विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित झांकियां निकाली जाएगी।

परेड का नेतृत्व परेड कमांडर आईपीएस आदित्य सिंघानिया करेंगे। उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार पूजा पाटीदार करेंगी। परेड में सीमा सुरक्षा बल (सशस्त्र), आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (प्रथम बटालियन), 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस (पुरुष) जिला पुलिस बल (महिला) जिला होमगार्ड सशस्त्र, जिला यातायात पुलिस बल, वन विभाग, एनसीसी, शौर्य दल, स्काउट, गाइड, रेडक्रास तथा सृजन दल के प्लाटून शामिल होंगे।

साथ ही बैंड भी परेड में शामिल रहेगा। वे आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगे। स्कूली बच्चे देश भक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में जिले में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और संस्थाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

विशेष मध्यान्ह भोज कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
गणतंत्र दिवस के मौके पर इंदौर के शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं के छात्रों के में मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत ‘विशेष भोज’ का आयोजन किया जाएगा। शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर विद्यालय में छात्रों के इस विशेष भोज कार्यक्रम में सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित शहर के प्रमुख राजनेता भी उपस्थित रहेंगे।

गणतंत्र दिवस की संध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
26 जनवरी की संध्या पर गांधी हाल में शाम 7 बजे राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भारत पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में डॉ. प्रीति देओले द्वारा भक्ति गायन तथा स्वाति उखले द्वारा मालवी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

महापौर निगम प्रांगण में करेंगे ध्वजारोहण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव 26 जनवरी को नगर निगम मुख्यालय प्रांगण में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण करेगे। इस दौरान निगम कर्मचारी व अधिकारी भी मौजूद रहेगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!