Saturday, April 19, 2025

एक मोबाइल के लिए बंदर ने 2 घंटे में 12 लोगो को किया घायल

उज्जैन। उज्जैन में एक बंदर ने इतना उत्पात मचाया कि कई लोगों की जान पर बन आई। बंदर ने शनिवार को तीन बत्ती चौराहा, बागपुरा, हाथी पुरा, नारायण पुरा क्षेत्र में आतंक मचाया। बंदर के हमले का VIDEO सामने आया है। एक VIDEO में बंदर साइकिल से जा रहे युवक पर लपक गया। अचानक हुए हमले से युवक गिरकर बगल में चल रहे ऑटो से टकरा गया। दरअसल, साइकिल वाले के ऊपर के जेब में माेबाइल था। वह चमक रहा था जिसे लेने के लिए बंदर ने झपट्‌टा मारा था।

 

बंदर ने कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया तो कुछ लोगों पर हमला भी किया। उसके उत्पात को देखते हुए वन विभाग की टीम को खबर की गई। उसने वन विभाग की टीम को भी काफी परेशान किया। करीब 2 घंटे तक टीम को छकाने के बाद जब वो एक जगह थक कर बैठा तो उसे ट्रैंकुलाइजर गन से काबू करने की कोशिश की गई। हालांकि इसके बाद भी वो उत्पात मचाता रहा। थोड़ी देर बाद जब उसे बेहोशी छाने लगी तो उस पर जाल फेंककर काबू में लिया गया। बाद में वन विभाग की टीम ने उसे जंगल में छोड़ दिया। बंदर ने क्षेत्र में करीब 12 लोगों पर हमला किया। इसमें वन विभाग से आए कर्मचारी भी शामिल हैं। क्षेत्र में 8 से 10 वाहनों को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बंदर के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

 

 

बंदर को काबू में करने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को बड़ी मशक्कत करना पड़ी। दरअसल, वन विभाग का अमला बंदर को पकड़ने जाता तो बंदर भाग जाता था। काफी देर बाद वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज गन शॉट से बंदर को काबू में कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। वन विभाग की डीएफओ किरण बिसेन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर पहुंचाया था। बता दें कि शहर में बंदरों की संख्या अचानक काफी बढ़ गई है। एक तरफ जहां बंदर सड़क के आसपास ठेला लगाने वाले दुकानदारों का सामान उठा ले जाते हैं। वहीं, कई बार यह आते-जाते लोगों पर हमला भी कर देते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!