MP Accident: मंदसौर जिले से गुरुवार दोपहर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। ये हादसा दलोदा थाना क्षेत्र के भवगढ़ फंटे का है जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी और करीब 500 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हैरानी की बात यह रही कि इस भीषण टक्कर में किसी की जान नहीं गई। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसमें ट्रक की रफ्तार और हादसे की भयावहता साफ नजर आती है।
14 सेकेंड का वीडियो और हादसे का खौफनाक मंजर
वीडियो में दिख रहा है कि ट्रक बहुत तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रहा है और कार को घसीटते हुए आगे बढ़ रहा है। कुल 14 सेकेंड के इस वीडियो में यह साफ नजर आता है कि कार ट्रक से बुरी तरह चिपकी हुई है और ट्रक चालक को पता तक नहीं कि वह कार को साथ में खींचते हुए ले जा रहा है। आसपास के लोग जब चिल्लाने लगे तो ड्राइवर को एहसास हुआ और उसने ट्रक रोका। उस वक्त तक ट्रक कार को करीब 500 मीटर तक घसीट चुका था।

दलोदा थाना प्रभारी मनोज गर्ग के अनुसार, हादसे में जो ट्रक शामिल था वह राजस्थान से रतलाम होते हुए मंदसौर की ओर जा रहा था। रास्ते में भवगढ़ फंटे के पास वह एक कार से टकरा गया जो नाथद्वारा की थी। ट्रक चालक को शुरुआत में यह पता नहीं चला कि उसने किसी वाहन को टक्कर मारी है और वह उसे खींच रहा है। जब सड़क पर मौजूद राहगीरों ने शोर मचाया तब जाकर ड्राइवर ने ट्रक रोका। गनीमत रही कि कार में बैठे लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
आपसी समझौते से मामला शांत, पुलिस को नहीं चाहिए कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, इस हादसे के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। चूंकि जान का कोई नुकसान नहीं हुआ इसलिए न तो कार मालिक ने और न ही ट्रक ड्राइवर ने कोई शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों से इस बाबत लिखित में बयान ले लिया है। हालांकि, इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
मध्यप्रदेश में सड़क हादसों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। वर्ष 2022 में प्रदेश में कुल 54,432 सड़क हादसे दर्ज हुए थे, जो पूरे देश में तमिलनाडु के बाद दूसरे नंबर पर था। वहीं 2023 में रोजाना औसतन 380 हादसे हुए जिनमें 3000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। 2024 में सिर्फ जनवरी से नवंबर तक के आंकड़े देखें तो भोपाल में 5390, धार में 4517, जबलपुर में 4148 और छिंदवाड़ा में 3858 हादसे दर्ज हुए। विशेषज्ञों के अनुसार, तेज रफ्तार वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह है। इसके अलावा टू-व्हीलर चलाते समय हेलमेट न पहनना भी एक अहम कारण बनता है।


