मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा: निवेश और नवाचार पर विशेष ज़ोर
मुख्यमंत्री ने दुबई में द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (TiE) के चेयरमैन पीके गुलाटी से स्टार्टअप्स और नवाचार के क्षेत्र में संभावनाओं पर बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने एमिरेट्स एयरलाइंस के अधिकारियों से हवाई संपर्क और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने के उपायों पर विचार किया। ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने ग्रु एनर्जी और जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और सतत विकास को लेकर राज्य की प्राथमिकताएं साझा कीं।

दोपहर में डॉ. यादव की मुलाकात यूएई के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जियोदी से हुई। इस बैठक के माध्यम से भारत-यूएई के बीच व्यापार सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद उन्होंने दुबई टेक्सटाइल सिटी में टेक्समस एसोसिएशन परिसर का दौरा किया और वस्त्र उत्पादन तथा निर्यात गतिविधियों का जायजा लिया। यहां एक इंटरएक्टिव सेशन और नेटवर्किंग लंच में भी भाग लिया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के वस्त्र उद्योग की क्षमताएं और पीएम मित्र योजना जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
दुबई बिजनेस फोरम में मुख्यमंत्री का आह्वान: मध्यप्रदेश को बनाएं निवेश का केंद्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुबई में लुलु ग्रुप, साराफ डीजी, ईसा एआई अल गुरायर ग्रुप, गल्फ इस्लामिक इन्वेस्टमेंट्स, G42 इंडिया और टाटा सन्स मिडिल ईस्ट जैसी बड़ी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा हुई। गल्फ महाराष्ट्र बिजनेस फोरम और MIDC के साथ हुई चर्चा में आपसी सहयोग के नए अवसरों पर विचार किया गया।दौरे का समापन इन्वेस्ट मध्यप्रदेश दुबई बिजनेस फोरम और नेटवर्किंग डिनर के साथ होगा। इसमें मुख्यमंत्री निवेशकों को मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं से जोड़ने का आह्वान करेंगे। साथ ही, पर्यटन क्षेत्र में निवेश को केंद्र में रखते हुए एक विशेष राउंडटेबल बैठक भी आयोजित की जाएगी जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव पर्यटन विभाग करेंगे।
इस दौरे से उम्मीद है कि मध्यप्रदेश को वैश्विक मंच पर निवेश, पर्यटन, ऊर्जा और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में नए अवसर मिलेंगे और राज्य की आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलेगी