MP Crime: शिवपुरी जिले की पिचौर विधानसभा के मयापुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह हत्या 1 अगस्त की रात को हुई जब हरिराम आदिवासी नाम के शख्स ने अपनी पत्नी केसर बाई आदिवासी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खौफनाक घटना का चश्मदीद गवाह बना उसका 11 साल का मासूम बेटा जो पूरी रात डर के मारे चुपचाप बैठा रहा।
शराब के नशे में रोज होते थे झगड़े
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिराम आदिवासी रोज शराब पीकर घर आता था और पत्नी से झगड़ा करता था। शुक्रवार रात भी ऐसा ही हुआ। रात करीब 11 बजे वह नशे में घर आया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि उसने गुस्से में आकर पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। यह सब उसका छोटा बेटा अपनी आंखों से देखता रहा लेकिन डर के मारे कुछ भी नहीं बोल पाया।

हत्या के बाद लाश के पास ही सोता रहा पति
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति शव के पास ही पूरी रात सोता रहा। मासूम बेटा डर से कांपता रहा लेकिन चुपचाप बैठा रहा। सुबह होते ही जब मौका मिला तो आरोपी घर से फरार हो गया। बेटे ने जब यह बात आसपास के लोगों को बताई तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मासूम की हिम्मत से खुला राज
11 साल के बेटे ने जब हिम्मत करके लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी तो सब सन्न रह गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मयापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी हरिराम आदिवासी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी मानसिक रूप से परेशान था या कोई और वजह थी जिसने उसे इतना खतरनाक बना दिया। फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और लोग उस मासूम की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं जिसने एक बड़ी सच्चाई उजागर की।


