MP News: जबलपुर हाईकोर्ट में मृत भ्रूण लेकर पहुंचा व्यक्ति, जज के सामने लगाई न्याय की गुहार

Author Picture
By Input Published On: March 10, 2026
MP News: जबलपुर हाईकोर्ट में मृत भ्रूण लेकर पहुंचा व्यक्ति, जज के सामने लगाई न्याय की गुहार

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने न्यायालय परिसर में भी हलचल पैदा कर दी। रीवा जिले के रहने वाले दयाशंकर पांडे नाम के व्यक्ति अपनी पत्नी के मिसकैरेज के बाद मृत भ्रूण को लेकर सीधे जबलपुर हाईकोर्ट पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान उन्होंने जज की डाइस के सामने भ्रूण रखकर न्याय की गुहार लगाई। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया। पांडे ने अदालत से कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिल सकता तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। इस अप्रत्याशित घटना ने न केवल अदालत में मौजूद लोगों को चौंका दिया बल्कि पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया।

200 करोड़ के घोटाले का लगाया आरोप

दयाशंकर पांडे का दावा है कि वह जबलपुर स्थित शुभ मोटर्स में अकाउंटेंट के तौर पर काम करते थे। उनके अनुसार नौकरी के दौरान उन्हें कंपनी में करीब 200 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले की जानकारी मिली थी। पांडे का कहना है कि जब उन्होंने इस घोटाले के खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिलने लगीं। उन्होंने एक कारोबारी पर अपने ऊपर जानलेवा हमला कराने का भी आरोप लगाया है। पांडे के मुताबिक पिछले दो वर्षों में उन पर चार बार हमले किए गए हैं। इन हमलों के कारण उनके परिवार की जिंदगी खतरे में पड़ गई और इसी दौरान एक हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दयाशंकर पांडे का कहना है कि एक हमले के दौरान उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनका मिसकैरेज हो गया और अजन्मे बच्चे की मौत हो गई। पांडे ने दावा किया कि यही कारण था कि वे मृत भ्रूण को सबूत के तौर पर हाईकोर्ट लेकर पहुंचे। उन्होंने अदालत में कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और चुनाव लड़ने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पांडे के अनुसार उन्होंने 2024 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी अपनी किस्मत आजमाई थी। उनका आरोप है कि चुनाव लड़ने और घोटाले के खिलाफ बोलने के कारण ही उनके परिवार पर बार बार हमले किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी, बयान दर्ज

इस पूरे मामले पर पुलिस ने भी प्रतिक्रिया दी है। ओमती सीएसपी सोनू कुर्मी के अनुसार हाईकोर्ट सिक्योरिटी से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दयाशंकर पांडे को पूछताछ के लिए सिविल लाइन थाना लाया। पूछताछ के दौरान पांडे और उनकी पत्नी के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक पांडे ने बताया कि उनकी पत्नी का पहले एक एक्सीडेंट हुआ था जिसके बाद उनकी तबीयत खराब रहने लगी और बाद में मिसकैरेज हो गया। पुलिस ने कहा कि संबंधित भ्रूण को लेकर अब वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।