MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां शिवपुरी लिंक रोड पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को रौंद दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कांवड़ियों को कुचलने के बाद वह खुद खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद फरार हुआ कार चालक
हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यह हादसा ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शीटला माता हाईवे पर हुआ।
#WATCH ग्वालियर, मध्य प्रदेश: कार की टक्कर से 4 कांवड़ यात्रियों की मौत पर मुख्य पुलिस अधीक्षक हिना खान ने कहा, "हमें सूचना मिली थी कि शीतला माता हाईवे पर एक हादसा हुआ है जिसमें कुछ कांवड़ यात्री एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो 3 लोगों की मौके पर ही… pic.twitter.com/SK6TxqIxxz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 22, 2025
पुलिस का बयान और जांच की दिशा
इस मामले में ग्वालियर की सिटी एसपी हीना खान ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। मृतकों के परिवार वालों ने बताया कि वे कुल 13 लोग थे जिनमें से 6 घायल हैं और 4 की मौत हो चुकी है।
मध्यप्रदेश में हादसों की बढ़ती घटनाएं
कुछ ही दिन पहले मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ था। वहां एक नशे में धुत ट्रक चालक ने 10 लोगों को रौंद दिया था। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और आठ घायल हुए थे। उस हादसे का वीडियो भी सामने आया था जिसमें ट्रक झूमता हुआ सड़क पर चल रहा था और फिर भीषण टक्कर हो गई।
शराब और तेज रफ्तार बन रही जानलेवा वजह
देश में हर दिन सैकड़ों लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। अधिकतर मामलों में तेज रफ्तार और नशे की हालत में गाड़ी चलाना मुख्य वजह बनता है। कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक अवसरों पर जब हजारों लोग पैदल यात्रा करते हैं तब सड़क सुरक्षा और सावधानी बेहद जरूरी हो जाती है। लेकिन अक्सर लापरवाही भारी पड़ती है और इस बार इसकी कीमत चार बेकसूर लोगों ने अपनी जान देकर चुकाई।


