MP News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के राधौगढ़ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दीपक महावर नाम के युवक ने रील बनाने की चाह में अपनी जान गंवा दी। दीपक पेशे से सपेरा था और सांप पकड़ने का काम करता था। एक दिन जब उसने सांप पकड़ने के बाद उसे गले में डालकर वीडियो बनाना शुरू किया तो यही वीडियो उसकी जिंदगी की आखिरी बन गई।
स्कूल से आई कॉल और रील का जुनून
दीपक को सिलिपुरा गांव में सांप निकलने की सूचना मिली थी। उसने सफलतापूर्वक सांप को पकड़ा और जैसे ही वह घर लौट रहा था, तभी उसे अपने बेटे के स्कूल से कॉल आया। जल्दबाजी में उसने सांप को गले में डाल लिया और बाइक से स्कूल की ओर निकल गया। इसी दौरान उसने रील बनाने के लिए सांप को बार-बार छेड़ा और कैमरे के सामने मुंह पर हाथ लगाया। लेकिन अचानक सांप ने उसके हाथ पर काट लिया।

इलाज के बाद हालत बिगड़ी
सांप के काटने के बाद दीपक को उसके एक दोस्त की मदद से राधौगढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद उसकी हालत कुछ हद तक ठीक हो गई और वह घर लौट आया। लेकिन रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार वालों ने तुरंत उसे दोबारा अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दीपक की यह आखिरी रील अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में वह सांप को गले में डालकर खेलते हुए नजर आ रहा है। वह लोगों को यह भी बता रहा है कि उसने यह सांप कहां से पकड़ा है। वीडियो में वह लगातार सांप के मुंह को छूता नजर आता है। कई लोग इस वीडियो को देखकर हैरान हैं कि रील के चक्कर में कोई अपनी जान तक गंवा सकता है।
शोहरत की चाह ने ले ली जान
दीपक की मौत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की चाह कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है। यह घटना उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है जो रील बनाते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं। रील बनाना गलत नहीं है लेकिन जोखिम उठाकर स्टंट करना जिंदगी के लिए खतरनाक हो सकता है।


