MP News: हत्या के बाद लिखा भावुक पत्र, लेकिन सामने आई दरिंदगी की सच्चाई

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में एमबीए छात्रा की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी पीयूष को उस कमरे में लेकर पहुंची, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन कराया और मौके से रस्सी, टेप और चाकू जैसे अहम साक्ष्य बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से ही हत्या की साजिश रची थी। उसने छात्रा को अपने कमरे पर बुलाया और उसका मोबाइल चेक किया। मोबाइल में अन्य युवकों से चैटिंग देखकर वह बुरी तरह भड़क गया और विवाद के बाद उसने सोची-समझी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।

विश्वास में लेकर बांधे हाथ-पैर, फिर घोंट दिया गला

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने छात्रा को ‘सरप्राइज’ देने के बहाने उसकी आंखें, हाथ और पैर बांधने की बात कही। छात्रा उसके झांसे में आ गई। इसके बाद आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले आरोपी ने शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन किया था। हत्या के बाद उसने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और वहां से चला गया। बाद में लौटकर उसने शव के साथ अमानवीय कृत्य किए और चाकू से कई वार भी किए। आरोपी की मानसिक स्थिति और उसके व्यवहार ने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है।

MP News: हत्या के बाद लिखा भावुक पत्र, लेकिन सामने आई दरिंदगी की सच्चाई

फरारी के दौरान लिखा भावुक पत्र, जताया पछतावा

मुंबई भागने के बाद आरोपी को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पत्र भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकारते हुए लिखा कि उसने अपनी प्रेमिका को मार दिया। पत्र में उसने सवाल किया कि “क्या प्यार करना गलत है?” और खुद को फांसी देने की मांग की। पत्र के अंत में दिल का निशान बनाकर अपना और मृतका का नाम भी लिखा। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह भावनात्मक दिखावा उसके जघन्य अपराध की गंभीरता को कम नहीं कर सकता। फरारी के दौरान आरोपी ने इंटरनेट पर आत्मा से संपर्क करने जैसे अजीबोगरीब विषय भी सर्च किए, जो उसकी मानसिक विकृति को दर्शाता है।

10 फरवरी को मिली थी सड़ी-गली लाश, जांच जारी

गौरतलब है कि 10 फरवरी को द्वारकापुरी की अंकल गली के एक कमरे से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस ने 25 वर्षीय छात्रा की नग्न अवस्था में लाश बरामद की थी। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। जांच के दौरान मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि बरामद साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और आरोपी के कबूलनामे का मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह मामला न केवल एक जघन्य हत्या है, बल्कि आरोपी की आपराधिक मानसिकता को भी उजागर करता है। आगे की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!