MP News: शादी के जोड़े में फंदे पर झूलता मिला दंपती, सागर में सनसनीखेज खुलासा

MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रहली थाना क्षेत्र के चांदपुर के मुठिया टोला में पति-पत्नी ने शादी के कपड़ों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार देर रात जब परिजनों ने दोनों को पंखे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतारा गया। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है और हर कोई इस दुखद घटना के पीछे की वजह जानना चाहता है।

लव मैरिज के बाद खुशहाल जिंदगी, फिर अचानक उठाया खौफनाक कदम

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू और 21 वर्षीय काजल पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनकी जिंदगी सामान्य और खुशहाल चल रही थी। राजेंद्र मजदूरी करता था और थोड़ी बहुत खेती भी संभालता था। घर में उसके पिता और छोटा भाई भी रहते हैं। परिवार का कहना है कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था। ऐसे में उनका यह कदम हर किसी के लिए एक बड़ा सवाल बन गया है।

शादी के कपड़ों में आत्महत्या ने बढ़ाया रहस्य, गर्भवती थी पत्नी

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि दोनों ने वही शादी के कपड़े पहन रखे थे, जो उन्होंने अपने विवाह के समय पहने थे। काजल ने साड़ी और राजेंद्र ने सूट पहना हुआ था। इस अजीब और भावुक पहलू ने पूरे मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार काजल करीब डेढ़ महीने की गर्भवती थी, जिससे इस घटना ने और भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक खुशहाल दिखने वाला जोड़ा और आने वाली नई जिंदगी के बीच ऐसा कदम क्यों उठा लिया गया, इसका जवाब अभी तक किसी के पास नहीं है।

पुलिस जांच में जुटी, बयान के बाद खुल सकते हैं राज

रहली थाना प्रभारी के अनुसार दंपती का मकान खेत में बना हुआ है और वे घर के एक हिस्से में अलग रहते थे। घटना की रात दोनों खाना खाने के बाद अपने कमरे में चले गए थे। जब काफी देर तक वे बाहर नहीं आए तो परिजनों को शक हुआ और दरवाजा खोलकर देखा गया, जहां दोनों फंदे पर लटके मिले। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अंतिम संस्कार के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिससे इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!