MP News: शराब पीकर मचाया बवाल, बिल मांगते ही होटल कर्मचारी पर टूटा कहर

MP News: दतिया जिले के डबरा बायपास हाईवे पर बने ‘रेंज पंजाब होटल’ में शनिवार की रात चार युवकों ने जमकर हंगामा किया। ये सभी पहले होटल पहुंचे फिर शराब पी और खाना खाया। खाने के बाद जब वेटर ने उनसे बिल मांगा तो उन्होंने पैसा देने से इनकार कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने ना सिर्फ वेटर को पीट डाला बल्कि होटल में जमकर तोड़फोड़ भी की। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है।

बिल मांगने पर वेटर को पीटा और दी जातिसूचक गालियां

होटल के कर्मचारी जयदीप वंस्कार ने बताया कि वह होटल में वेटर का काम करता है। शनिवार रात को चार युवक होटल में आए। पहले उन्होंने शराब पी फिर खाना ऑर्डर किया। जब खाना थोड़ी देर से पहुंचा तो बहस करने लगे। फिर जब उन्होंने खाना खा लिया तो मैंने बिल मांगा। इस पर वो आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। जब मैंने विरोध किया तो उन्होंने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

होटल की कुर्सियां और प्लेटें तोड़ीं, फिर काउंटर पर किया हमला

जयदीप ने आगे बताया कि आरोपी युवकों ने होटल में मौजूद कुर्सियां और प्लेटें तोड़ दीं। इसके बाद वे सीधे काउंटर पर पहुंचे और वहां भी तोड़फोड़ की। होटल के मालिक और बाकी कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उन्होंने माहौल बिगाड़ दिया था। फिर उन्होंने मुझे बुरी तरह पीटा और धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गया तो जान से मार देंगे। डरे-सहमे होटल स्टाफ ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।

MP News: शराब पीकर मचाया बवाल, बिल मांगते ही होटल कर्मचारी पर टूटा कहर

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि वेटर से मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों के नाम अंशुल मोदी, अरविंद रावत, राजेंद्र रावत और दीपक रावत हैं। इन चारों के खिलाफ IPC की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ SC/ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अंशुल मोदी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी तीन आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

होटल स्टाफ में दहशत का माहौल, आरोपियों को सख्त सजा की मांग

इस घटना के बाद से होटल के कर्मचारी और प्रबंधन सहमे हुए हैं। वेटर जयदीप वंस्कार का कहना है कि उन्हें अब डर लगने लगा है कि कहीं दोबारा ऐसा न हो। होटल मालिक ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई और इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे। स्थानीय लोगों और होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!