MP News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के उमरिया गांव में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के रेल कोच यूनिट का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम ओबेदुल्लागंज में आयोजित किया गया था, जिसमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख दिखाया और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहला मौका है जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मध्यप्रदेश की धरती पर आए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने आतंकवादियों को हर कोने से खत्म कर दिया है।
ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ मजबूती
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने आतंकवादियों को निशाना बनाया, आम पाकिस्तानी नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचाया। हमारे जवानों ने मात्र दो दिनों में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। पाकिस्तान शरण लेने भारत आया था, और कोई और नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारत एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बन गया है। उन्होंने गर्व जताया कि हमारे सीमा सुरक्षा के जिम्मेवारी इन्हीं के हाथों में है।
रोजगार वर्ष 2025 के अंतर्गत मिली मध्यप्रदेश को ऐतिहासिक सौगात…
देश के यशस्वी रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh जी ने रायसेन के ग्राम उमरिया में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर ₹1800 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली ब्रह्मा परियोजना (BEML Rail Hub for Manufacturing) का भूमिपूजन… pic.twitter.com/JQVHaW4fnu
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 10, 2025
उमरिया में रेल कोच निर्माण से विकास के अवसर
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रक्षा मंत्री के नेतृत्व में उमरिया के लोगों को रेल कोच निर्माण का उपहार मिल रहा है। ब्रह्मा परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी धन्यवाद किया। यह क्षेत्र देश के लिए एक अलग औद्योगिक क्षेत्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने किसानों के हितों पर कोई समझौता नहीं किया है और देशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की प्रेरणा दी है।
ब्राह्मा परियोजना से क्षेत्रीय रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह दिन उजियारा लेकर आया है। उन्होंने रक्षा मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि ब्रह्मा परियोजना से ओबेदुल्लागंज के 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा। वर्ष 2023 के बाद हमें औद्योगिक विकास का यह उपहार मिला है जिसकी लागत 3600 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेलवे की गति बढ़ाने के साथ-साथ रक्षा उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार रोजगार उन्मुख उद्योगों की स्थापना में लगी है। उन्होंने बताया कि राज्य में 38000 करोड़ रुपये के कारखाने शुरू किए गए हैं और भूमि पूजन किए गए हैं।
प्रधानमंत्री के स्वदेशी अभियान और किसान हितैषी कदम
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू हुई है। इस परियोजना से मालवा क्षेत्र में जल आपूर्ति होगी और लोगों के घर बनाए जाएंगे। साथ ही स्कूल और कॉलेज भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्वदेशी अभियान के प्रति प्रतिबद्ध है। इस अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस, गणेश उत्सव और दिवाली को स्वदेशी उत्पादों के साथ मनाया जाएगा। सोमवार को प्रदेश के किसानों के खाते में 1156 करोड़ रुपये की फसल बीमा राशि भी भेजी जाएगी।


