MP News: ग्वालियर से बेंगलुरु सीधी ट्रेन! जानिए कौन-कौन से स्टेशनों पर होगी आपकी रुकावट

MP News: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक और नई ट्रेन की शुरुआत कर दी है। इस बार ग्वालियर और बेंगलुरु के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू की गई है। इसका नाम रखा गया है ‘सर एम विश्वेश्वरैया बेंगलुरु एक्सप्रेस’। यह ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी और ग्वालियर से बेंगलुरु तक की लगभग 2 हजार किलोमीटर की दूरी को 43 घंटे में तय करेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस ट्रेन को 26 जून को हरी झंडी दिखाई।

किन-किन राज्यों से होकर गुजरेगी यह ट्रेन

यह ट्रेन मध्य प्रदेश से चलकर महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश होते हुए कर्नाटक पहुंचेगी। इस लंबे सफर में ट्रेन कुल 25 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, भोपाल, नागपुर, काजीपेट, काचीगुड़ा, कुरनूल, अनंतपुर और अंत में बेंगलुरु का SMVT स्टेशन शामिल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन छात्रों, आईटी प्रोफेशनल्स और व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

सप्ताह में एक बार चलेगी ट्रेन

सर एम विश्वेश्वरैया बेंगलुरु एक्सप्रेस (11086) हर शुक्रवार दोपहर 3 बजे ग्वालियर से रवाना होगी और रविवार सुबह 7:35 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन हर रविवार दोपहर 3:50 बजे SMVT बेंगलुरु से चलेगी और मंगलवार सुबह 10:25 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इस सेवा की नियमित शुरुआत बेंगलुरु से हो चुकी है और ग्वालियर से पहली ट्रेन 4 जुलाई को चलेगी।

यात्रियों के लिए किराया और सुविधाएं

इस साप्ताहिक ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 7 स्लीपर, 4 AC 3 टियर, 4 जनरल और अन्य कोच शामिल हैं। स्लीपर क्लास का किराया ₹775 रखा गया है, जबकि AC 3 टियर के लिए ₹2050 और AC 3 टियर इकोनॉमी का किराया ₹1940 तय किया गया है। ट्रेन में यात्रियों की जरूरत के अनुसार सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यात्री बोले – ‘बहुत समय से थी इस ट्रेन की ज़रूरत’

ग्वालियर से बेंगलुरु की ओर जाने वाले यात्रियों ने खुशी जताई है। एक यात्री ने कहा, “हम लंबे समय से इस ट्रेन का इंतज़ार कर रहे थे, खासकर वे लोग जो नौकरी या पढ़ाई के लिए बेंगलुरु जाते हैं।” वहीं व्यापारियों और आईटी पेशेवरों के लिए भी यह ट्रेन बहुत फायदेमंद साबित होगी। यह नई सेवा न सिर्फ यात्रा को आरामदायक बनाएगी बल्कि दोनों क्षेत्रों को आर्थिक रूप से भी करीब लाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!