MP News: इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित पंचकुइयां मुक्तिधाम से एक बुजुर्ग की अस्थियां गायब होने का मामला सामने आया है। यह घटना 6 मार्च को मदनलाल विश्वकर्मा के निधन के तीन दिन बाद उजागर हुई। परिजनों ने मुक्तिधाम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंतिम संस्कार के बाद हुई गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार, मदनलाल विश्वकर्मा का अंतिम संस्कार पंचकुइयां मुक्तिधाम में ही हुआ था। परिजनों ने तीसरे दिन की रस्म के लिए जब अस्थियां लेने पहुंचे, तो उन्हें वहां नहीं मिलीं। परिजन तत्काल मुक्तिधाम में मौजूद नगर निगम कर्मचारियों से संपर्क किए, जिन्होंने बताया कि सुबह एक अन्य परिवार पूजा-पाठ के लिए अस्थियां अपने साथ ले गया है।

नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही
जांच में सामने आया कि नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही के कारण दोनों परिवारों को टोकन नंबर 13 दे दिया गया था। यही गलती अस्थियों की अदला-बदली का मुख्य कारण बनी। वास्तविकता यह थी कि टोकन नंबर 12 दूसरे परिवार का था, लेकिन गड़बड़ी की वजह से मदनलाल विश्वकर्मा की अस्थियां गलत परिवार के पास चली गईं।
पुलिस जांच और व्यवस्था पर उठे सवाल
सूचना मिलते ही पुलिस ने उन लोगों को रोक लिया जो अस्थियां लेकर नर्मदा नदी में विसर्जन करने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने मुक्तिधाम की व्यवस्था और टोकन सिस्टम की खामियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने जल्द सुधार की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


