MP News: क्रिकेट केवल खेल नहीं बल्कि भारत में एक भावना है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश के उज्जैन में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया। यह यज्ञ भैरवगढ़ रोड स्थित बगलामुखी माता मंदिर में संपन्न हुआ। इस आयोजन में मंदिर के महंत रामदास जी महाराज, भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया और 51 बटुक शामिल हुए। यज्ञ में विशेष मंत्रोच्चार के साथ-साथ मिर्ची, हल्दी, सरसों और अन्य जड़ी-बूटियों की आहुति दी गई। इसका उद्देश्य भारतीय टीम के खिलाड़ियों को शक्ति और बुद्धि प्रदान करना और विरोधी टीम का मनोबल कमजोर करना था।
सांसद ने मांगी टीम इंडिया की विजय के लिए आशीर्वाद
यज्ञ में शामिल भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि इस अनुष्ठान के माध्यम से माता बगलामुखी से प्रार्थना की गई कि भारतीय टीम को सफलता मिले और विश्व कप भारत के पास आए। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की जीत से देश का मान-सम्मान बढ़ेगा और देशवासियों में उत्साह और गर्व का भाव जागेगा। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि इस अनुष्ठान में माता बगलामुखी के दरबार में किए गए सभी उपाय निश्चित सफलता प्रदान करने वाले हैं और इससे टीम इंडिया का मनोबल ऊंचा होगा।

महंत रामदास महाराज ने किया अनुष्ठान का नेतृत्व
महंत रामदास महाराज ने बताया कि यह यज्ञ विशेष रूप से भारतीय टीम की सफलता और विरोधी टीम के मनोबल को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि लाल मिर्च, हल्दी और पीली सरसों की आहुति से यज्ञ की ऊर्जा बढ़ाई गई। 51 बटुकों के साथ किए गए इस अनुष्ठान में मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ का समुचित संयोजन किया गया। महंत ने विश्वास जताया कि माता बगलामुखी के आशीर्वाद से भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप जीत सकती है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच और भारत का सपना
ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज शाम भारत और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर होगी। अगर टीम इंडिया यह मुकाबला जीतती है तो वह अपने घर में T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। रोचक तथ्य यह है कि अब तक T20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड तीन बार आमने-सामने आए हैं और इन तीनों मैचों में न्यूजीलैंड की टीम ने जीत हासिल की है। ऐसे में उज्जैन का यह यज्ञ टीम इंडिया के लिए एक शुभ संकेत और देशवासियों के लिए उत्साह का कारण बन गया है।


