MP News: मध्य प्रदेश के अमरवाड़ा में छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक 9 में रहने वाले 20 वर्षीय राहुल (लालू) चौरसिया ने सूदखोरों के लगातार उत्पीड़न और मानसिक दबाव से तंग आकर जहर पीकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश पैदा कर दिया है। परिजनों का कहना है कि राहुल ने स्थानीय लोगों ज्योति साहू, दीपक साहू और उनके सहयोगियों से व्यापार के लिए कर्ज लिया था, जिस पर 30 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूला जा रहा था। समय पर भुगतान न करने पर उसे 1,000 रुपये प्रतिदिन की पेनल्टी और ‘हरिजन एक्ट’ में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं।
परिजनों और सामाजिक संगठनों ने जताया आक्रोश
राहुल की आत्महत्या के बाद स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने अमरवाड़ा थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या (धारा 302) का मामला दर्ज करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि नगर में यह चर्चित दंपति और उनके सहयोगी लंबे समय से अवैध ब्याजखोरी का धंधा चला रहे हैं, जिससे कई युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि ऐसे सूदखोरों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

पूर्व सांसद नकुल नाथ ने उठाए प्रशासनिक सवाल
इस मामले पर पूर्व सांसद नकुल नाथ ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि राहुल की आत्महत्या केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है, बल्कि प्रशासनिक उदासीनता और व्यवस्था की विफलता है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती अवैध वसूली और ब्याजखोरी पर गहरी चिंता जताई और सरकार से मांग की कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावी व्यवस्था लागू हो ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस दर्दनाक त्रासदी का सामना न करे।
पुलिस ने शुरू की मर्ग कायम जांच
अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली कि 20 वर्षीय युवक राहुल ने सूदखोरों से प्रताड़ना झेलते हुए आत्महत्या की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से साक्ष्य जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इलाके में तनाव और आक्रोश के बीच प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।


