MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में धर्म परिवर्तन और देह व्यापार के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो सगी बहनों अमरीन और आफरीन को मुख्य आरोपी बताया है। आरोप है कि ये दोनों गरीब लड़कियों को झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराती थीं और फिर उन्हें अमीर युवकों के सामने पेश कर देह व्यापार में फंसाती थीं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों बहनें खुद भी एक हाई प्रोफाइल लाइफस्टाइल जी रही थीं, जो उन्होंने धर्म परिवर्तन और गैरकानूनी गतिविधियों के जरिए हासिल की थी।
आलीशान फ्लैट और जाल का पर्दाफाश
अमरीन और आफरीन पहले अब्बास नगर की झुग्गियों में रहती थीं, लेकिन अब सागर रॉयल विला जैसे पॉश इलाके में आलीशान फ्लैट में रह रही थीं। आरोप है कि दोनों गरीब लड़कियों को बड़ी पार्टियों में पेश करती थीं। इस जाल का खुलासा तब हुआ जब 21 और 32 साल की दो युवतियां भोपाल और छत्तीसगढ़ से बाग सेवनिया थाने में शिकायत करने आईं। इंस्टाग्राम चैट के जरिए पहचान होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और अमरीन, आफरीन और चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि तीन अन्य आरोपी—बिलाल, चानू और यासिर—अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

गिरोह के अन्य आरोपी और गंभीर आरोप
गिरोह में शामिल अन्य आरोपी भी जांच में सामने आए। चंदन यादव, जो खुद धर्म परिवर्तन कर चुका है, इस जाल का हिस्सा था। इसके अलावा अमरीन और आफरीन के भाई बिलाल और चानू पर पीड़िताओं के साथ रेप करने का आरोप है। यासिर, जो अमरीन का रिश्तेदार है, अहमदाबाद में एक पीड़िता के साथ रेप के आरोप में फंसा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उच्च स्तर की जांच शुरू कर दी है।
सरकार और समाज की प्रतिक्रिया
इस घटना पर मध्य प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। राज्य सरकार ने कहा कि धर्मांतरण और देह व्यापार के मामलों में सख्त कार्रवाई होगी और धर्म परिवर्तन के किसी भी मामले को स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, हिंदू संगठनों ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भोपाल हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पड़ोसियों ने भी आरोप लगाया कि रात में कम उम्र के लड़के बहनों के फ्लैट पर आते थे और माहौल बेहद खराब था।


