MP News: Madhya Pradesh के कटनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ छत्तीसगढ़ की फिल्म एक्ट्रेस ज्योत्स्ना ताम्रकार के साथ चलती ट्रेन में लूटपाट की कोशिश की गई। यह घटना 19 जून की रात की है जब अभिनेत्री ट्रेन नंबर 18248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। रात करीब 2 बजे जब ट्रेन कटनी स्टेशन पर पहुंची और कुछ ही दूरी पर आउटर सिग्नल पर रुकी, तभी एक अज्ञात शख्स ने खिड़की से उनका पर्स और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब वह इसमें नाकाम रहा तो उसने अभिनेत्री की आंख के नीचे जोरदार मुक्का मार दिया और मौके से फरार हो गया।
एक्ट्रेस का सोशल मीडिया पर दर्दभरा वीडियो
ज्योत्स्ना ताम्रकार ने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में वह कहती हैं कि ट्रेन के S1 से S5 कोच तक कई यात्रियों के साथ लूटपाट हुई। जब ट्रेन आगे बढ़ी तो कई यात्रियों ने अपने बैग और सामान चोरी होने की बात कही। इस घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और डर का माहौल बन गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद भी जब वे बिलासपुर स्टेशन पहुंचीं तो एक घंटे तक न RPF नजर आई और न GRP। यह देखकर वह बेहद नाराज और दुखी थीं।
View this post on Instagram
रेलवे हेल्पलाइन पर की गई शिकायत भी बेअसर
एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर शिकायत की और लूटपाट की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि ना सिर्फ उनके साथ बल्कि और यात्रियों के साथ भी लूट हुई है। लेकिन इसके बावजूद ना कोई पुलिसकर्मी आया और ना ही कोई मदद दी गई। उन्होंने कहा कि ट्रेन में कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था जिससे बदमाश आसानी से वारदात कर के भाग निकले। यह स्थिति रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
गैंग पर शक, एक नहीं कई लोग शामिल
ज्योत्स्ना ताम्रकार का मानना है कि यह काम किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह का हो सकता है। क्योंकि एक ही समय में इतने कोच में चोरी और लूट की घटनाएं अकेले किसी एक व्यक्ति द्वारा करना संभव नहीं। उन्होंने सरकार और रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस घटना को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं ना हों।
GRP का जवाब और कार्रवाई की तैयारी
इस मामले में GRP स्टेशन प्रभारी एलपी कश्यप ने मीडिया को बताया कि हमें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। फिलहाल पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिलासपुर GRP प्रभारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि जब उन्हें सूचना मिली तो उन्होंने पीड़िता से संपर्क किया। पीड़िता ने बताया कि वह अब रायपुर पहुंच चुकी हैं और वहीं FIR दर्ज कराएंगी। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या पुलिस सच में एक्शन लेगी या यह मामला भी बाकी मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


