MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसे न सिर्फ पीटा बल्कि अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उसके साथ घिनौना व्यवहार किया। यह पूरा विवाद बुजुर्ग के बेटे के प्रेम विवाह से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे लड़की पक्ष के लोग नाराज थे।
आधी रात घर में घुसे 10 आरोपी, बुजुर्ग को उठा ले गए
पीड़ित के अनुसार, युवती के परिजन लगभग 10 लोगों के साथ तड़के करीब 4 बजे उसके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इस दौरान बुजुर्ग और उसकी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावर बुजुर्ग को जबरन अपने साथ राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र ले गए, जहां उसके साथ दोबारा बेरहमी से मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
अमानवीयता की हद, बुजुर्ग के साथ की गई घिनौनी हरकतें
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपियों ने बुजुर्ग को बोतल में भरकर यूरिन तक पिलाया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह पीड़ित अपने घर पहुंचा और परिजनों के साथ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इस अमानवीय घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
पुलिस जांच में जुटी, कई आरोपी हिरासत में
रायसेन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के अनुसार, कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और आगे की कार्रवाई राजगढ़ पुलिस कर रही है। पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा होगा।


