MP News: भोपाल में फर्जी केस बनाकर लाखों ऐंठने वाले गैंग का पुलिस ने किया बड़ा पर्दाफाश

MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे भारी रकम वसूलता था। गिरोह का मास्टरमाइंड आकाश उर्फ भूरा हड्डी उर्फ आकाश नीलकंठ है। पुलिस ने उसे तब गिरफ्तार किया, जब उसकी शादी की बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। अधिकारियों ने बताया कि आकाश ने इल्लीगल गैंग नामक एक गिरोह बना रखा था, जिसमें लगभग 15 युवक और एक युवती शामिल थे।

पुजारी को बंधक बनाकर आठ लाख रुपये की मांग

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का हालिया शिकार कोहेफिजा थाना क्षेत्र में रहने वाला एक पुजारी बना। आरोप है कि गिरोह ने योजना के तहत एक युवती को पुजारी के घर भेजा। जैसे ही वह घर में घुसी, शोर मचाया और थोड़ी ही देर में 10-15 युवक भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर पुजारी पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पुजारी को जबरन एक वाहन में बैठाकर पांच घंटे तक बंधक रखा गया और उसे लगातार पीटा गया। गिरोह ने पुजारी से आठ लाख रुपये की मांग की और पुलिस में मामला दर्ज कराने की धमकी दी।

रकम का हिस्सा ट्रांसफर और पुलिस को दी शिकायत

डरे और मानसिक दबाव में आए पुजारी ने अपने भाई को फोन किया। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर किए गए। बाकी साढ़े सात लाख रुपये बाद में देने का तय हुआ। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने पुजारी को छोड़ दिया। रिहाई के बाद पीड़ित सीधे कोहेफिजा थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश की शादी तय थी और शादी के खर्च के लिए उसने और उसके साथियों ने यह साजिश रची।

गिरोह के अन्य सदस्य और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने बुधवार को आरोपी आकाश को शादी समारोह से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ आकाश उपाध्याय और राम ठाकुर को भी हिरासत में लिया गया। मुख्य आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से लगभग 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में गांधी नगर इलाके में हुए हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!