MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक महिला IAS अधिकारी वंदना वैद्य के फार्महाउस पर पुलिस ने छापेमारी करके 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये लोग फार्महाउस में अवैध तरीके से घुसकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौर शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर अवालीपुरा गांव में यह गतिविधि चल रही है। मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात पुलिस ने छापा मारा। इसी दौरान 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया, जबकि छह लोग भाग निकले।
जुआरियों के पास से बरामद लाखों का कैश
पुलिस ने पकड़े गए जुआरियों के पास से 30 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और 13.68 लाख रुपये कैश बरामद किए। सभी आरोपी राज्य के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फार्महाउस का मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS और जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इस जुए को आयोजित करने वाला मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कुबड़ा और फार्महाउस का केयरटेकर रंजीत चौधरी सहित कुछ अन्य लोग अभी भी फरार हैं।
IAS अधिकारी वंदना वैद्य ने लिखी शिकायत
वंदना वैद्य मध्य प्रदेश सरकार के फाइनेंस डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद उन्होंने पुलिस को पत्र लिखकर शिकायत की कि कुछ अज्ञात लोग अवैध रूप से उनके परिवार के फार्महाउस में घुस आए थे और वहां आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे। पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उन्हें शक है कि कुछ लोग चोरी भी कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि इन लोगों के खिलाफ अलग से आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।
पुलिसकर्मियों की सस्पेंशन और जांच जारी
इंदौर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने बताया कि IAS अधिकारी के पत्र की जांच की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि लोग फार्महाउस में अवैध रूप से कैसे घुसे। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में मानपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी, बीट के सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फार्महाउस के अंदर जुआ कैसे चल रहा था और किस हद तक पुलिसकर्मी इसमें शामिल थे।


