MP News: मध्य प्रदेश के सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। यहां के निवासी खेमचंद मालवीय खेत पर काम कर रहे थे, वहीं उनके घर पर पत्नी पूजा मालवीय (32) और 8 वर्षीय बेटा ऋतिक मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे पूजा किचन में खाना बना रही थी। उसी समय उसका देवर रामू मालवीय (27) घर आया और चाय बनाने के लिए कहने लगा। पूजा ने किसी कारणवश चाय बनाने से मना कर दिया।
गुस्से में बेकाबू होकर भाभी पर किया हमला
चाय बनाने से मना करने पर रामू का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने पास रखा डंडा उठाया और पूजा के सिर पर लगातार वार करना शुरू कर दिया। पूजा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आरोपी तब तक वार करता रहा जब तक उसकी भाभी ने दम नहीं तोड़ दिया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी घर से बाहर निकला। बड़े भाई गणेशराम ने उसे खून से सना देखा, पूछने पर रामू ने ठंडे लहजे में कहा, “मैंने भाभी को मार डाला,” और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का निरीक्षण किया और उसे सांची सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और चंद घंटों में ही उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
परिवार और गांव में पैदा हुआ डर और सनसनी
जानकारी के अनुसार, खोहा निवासी किशनलाल के पांच बेटे हैं। हत्यारा रामू सभी भाइयों में सबसे छोटा है। पांचों भाई अलग-अलग घरों में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। आरोपी रामू की शादी अभी नहीं हुई थी। इस घटना ने न केवल परिवार में बल्कि पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है। लोग अब भी इस हिंसक वारदात की भयावहता से उबर नहीं पाए हैं और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


