MP News: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सभी को दहशत में डाल दिया है। रविवार 6 जुलाई को चंद्रेरा थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिला है। शव के पास नारियल, नींबू और नमकीन जैसी वस्तुएं भी मिली हैं, जिससे पुलिस को शक है कि यह मामला तंत्र-मंत्र या मानव बलि का हो सकता है।
मृतक की पहचान हुई, खेत में अकेला रहता था युवक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अखिलेश कुशवाहा (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सटगुनवा गांव का रहने वाला था। वह अपनी खेत में बने मकान में अकेला रहता था। उसका शव उसी क्षेत्र में थोड़ी दूरी पर मिला है। शव का सिर धड़ से अलग था, जिससे यह मामला और रहस्यमय बन गया है।
#WATCH | Tikamgarh, Madhya Pradesh | ACP Tikamgarh Sitaram says, "In Vijayapura, within the Chandela police station area, the decapitated torso of a man named Akhilesh Kushwaha, along with a coconut, a lemon, and salty snacks, was found.. The police are investigating this from… pic.twitter.com/caXCv0Hfom
— ANI (@ANI) July 7, 2025
पुलिस को घटनास्थल पर नारियल, नींबू और नमकीन जैसी चीजें मिलीं, जो आमतौर पर तांत्रिक क्रियाओं में इस्तेमाल होती हैं। इसके चलते पुलिस को शक है कि यह कोई तांत्रिक बलि का मामला हो सकता है। एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला मानव बलि जैसा प्रतीत हो रहा है लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।
‘गोड़बाबा’ स्थान के पास मिला शव, लोगों में भय
शव ‘गोड़बाबा’ नामक एक धार्मिक स्थान के पास मिला है। इस स्थान को स्थानीय लोग काफी मान्यता के साथ देखते हैं। ऐसे स्थान के पास इस तरह की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भय और आशंका का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवारवालों से पूछताछ जारी है।
एएसपी सीताराम ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और हर दिशा में जांच जारी है। उन्होंने कहा कि “हम जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाएंगे।” फिलहाल एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने कहा है कि सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।


