MP News: शादी के सिर्फ एक महीने बाद हुई अजय की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा

MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में पुलिस ने अजय मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है। इस हत्या में अजय की पत्नी उमा वैश्य, उसका प्रेमी अमर बहादुर वैश्य और एक अन्य युवक चन्द्रप्रताप उर्फ चंदन वैश्य शामिल पाए गए। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बाइक के नीचे दबाकर इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उन्हें जेल भेज दिया।

शादी के केवल एक महीने बाद हुआ खून

पुलिस के अनुसार मृतक अजय वैश्य की शादी मात्र एक महीने पहले 12 फरवरी को गन्नई गांव निवासी उमा वैश्य से हुई थी। 7 मार्च को अजय अपने ससुराल गन्नई जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकला, लेकिन न तो वह ससुराल पहुंचा और न ही वापस लौटा। 8 मार्च को जंगल के पास सड़क किनारे बाइक के नीचे उसका शव पाया गया। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक टीम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच तेज की।

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची थी हत्या की साजिश

जांच के दौरान पत्नी उमा वैश्य ने कबूल किया कि शादी से पहले उसका प्रेम संबंध अमर बहादुर वैश्य से था। परिवार के दबाव में शादी अजय से कर दी गई, जिससे वह खुश नहीं थी। पुलिस के अनुसार उमा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अजय की हत्या की साजिश रची। 7 मार्च की रात रजनिया कटरा जंगल में सुनसान स्थान पर आरोपियों ने अजय की मोटरसाइकिल रुकवाई और मेडिकल ग्लव्स पहनकर गमछे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद सिर पर पत्थर से हमला किया और हत्या कर दी।

पुलिस की सक्रियता से खुला राज और गिरफ्तारी

हत्या के बाद आरोपियों ने शव के पास मोटरसाइकिल रखकर इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने बोलेरो वाहन और अन्य साक्ष्य जब्त किए। एसपी मनीष खत्री ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस ने इस मामले के खुलासे में शामिल टीम की सराहना की है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!