MP News: उज्जैन के बेकरी कारोबारी के बेटे की कनाडा में बेरहमी से हत्या, परिवार में मातम

MP News: उज्जैन शहर के बेकरी कारोबारी के बेटे गुरकीरत सिंह मनीचा (24) की कनाडा में 14 मार्च को बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना फोर्ट सेंट जॉन शहर में हुई, जहाँ कॉलेज के छात्रों ने पहले उन्हें पीटा और फिर कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल गुरकीरत अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी जान गंवा बैठे। गुरकीरत देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी के निवासी थे और कनाडा के नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट का पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कर रहे थे। वह पढ़ाई के साथ वॉलमार्ट स्टोर में भी काम करते थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना जताई।

दोस्त और परिवार ने बताया घटना का पूरा सच

गुरकीरत के बड़े भाई प्रबकोरत सिंह ने बताया कि कनाडा में रह रहे उनके दोस्त ने घटना की जानकारी फोन के जरिए दी। बताया गया कि ड्यूटी खत्म होने के बाद गुरकीरत को नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज के कुछ छात्रों ने अपने साथ ले जाया। पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान करीब 10-12 युवकों ने गुरकीरत के साथ मारपीट की और उसके बाद उस पर गाड़ी चढ़ा दी। शुरुआती जांच में स्थानीय पुलिस ने 7-8 संदिग्धों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उनके वकील के आने पर उन्हें छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है।

पिता को आखिरी बातचीत का अफसोस, विदेश में कर रहा था काम और पढ़ाई

परिजनों ने बताया कि घटना से ठीक एक दिन पहले गुरकीरत ने पिता गुरजीत सिंह मनीचा से फोन पर बातचीत की थी। उस समय पिता उज्जैन लौट रहे थे। दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन पिता को अब अफसोस है कि यह उनके बेटे से आखिरी बातचीत साबित हुई। गुरकीरत ने कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल और विक्रम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और करीब सवा साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया। पढ़ाई के साथ वह वॉलमार्ट स्टोर में मैनेजर के रूप में काम कर रहा था। कनाडा में नियम है कि छात्रों को तीन दिन काम करना जरूरी होता है। विदेश जाने से पहले गुरकीरत अपने पिता के फूड सप्लाई और बेकरी कारोबार में भी हाथ बंटाता था और भविष्य में विदेश में करियर बनाने का सपना देख रहा था।

परिवार ने विदेश मंत्री और राज्य सरकार से लगाई मदद की गुहार

गुरकीरत का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें करीब तीन सप्ताह का समय लग सकता है। परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से आग्रह किया है कि औपचारिकताएं जल्द पूरी कर शव को उज्जैन पहुंचाया जाए ताकि अंतिम दर्शन किया जा सके। साथ ही उन्होंने हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही और कड़ी सजा की मांग भी की है। परिवार ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राज्य सरकार से मदद की अपील की है ताकि इस दुखद घटना में न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!