MP News: जबलपुर के सिहोरा में मंदिर परिसर को लेकर तनाव, पत्थरबाजी से हड़कंप

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील के वार्ड नंबर 5 स्थित आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात उस समय तनाव फैल गया, जब दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर सामने आई। देखते ही देखते आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर रवाना किए गए। सिहोरा थाने के साथ-साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने की कोशिश की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। घटना के बाद से आजाद चौक इलाके में एहतियातन पुलिस की लगातार निगरानी जारी है।

आरती और नमाज के दौरान बढ़ा विवाद, युवक से मारपीट की सूचना

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय दुर्गा मंदिर में आरती चल रही थी, जबकि पास की मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ शरारती तत्वों द्वारा पत्थरबाजी किए जाने की बात सामने आई। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट की भी सूचना मिली है। साथ ही मंदिर की ग्रिल टूटने की खबर ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया। आजाद चौक क्षेत्र को पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है, इसलिए प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए हालात पर नियंत्रण पाने के प्रयास तेज कर दिए। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी।

MP News: जबलपुर के सिहोरा में मंदिर परिसर को लेकर तनाव, पत्थरबाजी से हड़कंप

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, शांति बनाए रखने की अपील

रात करीब 9:30 बजे दो समूहों के बीच तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश साझा करने से बचें। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, धार्मिक स्थल सुरक्षित

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बयान जारी कर बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है। दोनों पक्षों में से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!