MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शादी समारोह अचानक हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया जब सात फेरे लेने के बाद दुल्हन ने विदाई से साफ मना कर दिया। घटना कंपू इलाके के एक मैरिज गार्डन की है। सोमवार को गुढ़ागुढ़ी का नाका निवासी युवती की शादी गिर्राज नाम के युवक से तय हुई थी। शादी की सभी रस्में और फेरे सामान्य रूप से संपन्न हो चुके थे। विदाई की तैयारी चल रही थी कि दुल्हन ने अचानक सभी के सामने दूल्हे की बेवफाई का खुलासा कर दिया। बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
दुल्हन ने खोल दिया दूल्हे का कच्चा चिट्ठा
दुल्हन ने परिजनों और बारातियों के सामने बताया कि दूल्हा पिछले डेढ़ साल से राजस्थान की शादीशुदा महिला पूजा के साथ संबंध में था। दुल्हन के अनुसार, सगाई के ठीक एक दिन पहले पूजा ने उन्हें इस संबंध के बारे में फोन पर जानकारी दी थी। शुरू में दुल्हन ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन दूल्हे की हरकतों ने सच सामने ला दिया। आरोप है कि गिर्राज अपनी प्रेमिका को दुल्हन की फोटो भेजता था और जब वह दुल्हन से फोन पर बात करता, तो अपनी प्रेमिका को कॉल में जोड़ देता था ताकि वह बातचीत सुन सके।
दुल्हन ने थाने में दिया सबूत और अड़िग रही
घटना के बाद दुल्हन सीधे कंपू थाना पहुंच गई। उसने पुलिस को दूल्हे और उसकी प्रेमिका के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल्स और मैसेज सबूत के रूप में सौंपे। दूल्हा गिर्राज ने थाने में मिन्नतें कीं और कहा कि वह प्रेमिका के साथ सारे रिश्ते तोड़ देगा। लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। उसका कहना था कि जो व्यक्ति शादी की दहलीज पर खड़े होकर धोखा दे सकता है और निजता का मजाक बना सकता है, उसके साथ वह अपनी जिंदगी नहीं बिता सकती।
पुलिस की काउंसलिंग भी रही नाकाम
कंपू थाना टीआई अमरसिंह सिकरवार ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर लंबी काउंसलिंग की। मामला सुलझाने की पूरी कोशिश की गई। लेकिन दुल्हन के कड़े रुख को देखते हुए अंततः आपसी सहमति से मामला खत्म कराया गया। नतीजा यह हुआ कि जिस घर में शहनाइयां बज रही थीं, वहां सन्नाटा छा गया और दूल्हा बिना दुल्हन के घर लौट गया। यह घटना स्थानीय लोगों और शादी समारोह में शामिल लोगों के लिए चौंकाने वाली और सनसनीखेज साबित हुई।


