MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना परिसर में थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में टीआई को मालाएं पहनाई जा रही हैं, केक काटा जा रहा है और नाच-गाना चल रहा है। जानकारी के अनुसार, यह सेलिब्रेशन रात करीब 9 बजे शुरू हुआ और बधाई देने वालों की लाइन लगी रही। पूरा कार्यक्रम रिकॉर्ड किया गया और वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में सख्त रुख अपनाया गया।
हिस्ट्रीशीटर भी था समारोह में शामिल
वीडियो में दिखाया गया कि कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और बाइक चोरी का आरोपी लवकुश शर्मा भी जन्मदिन समारोह में मौजूद था। वीडियो में लवकुश शर्मा टीआई को अपने कंधों पर उठाकर थाना परिसर में नाचते हुए घूमते दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे-पीछे पुलिस स्टाफ और अन्य लोग चलते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने कानून व्यवस्था और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि आरोपी का थाने में मौजूद होना गंभीर मामला माना जा रहा है।

एसपी ने टीआई को किया सस्पेंड
घटना सामने आने के बाद मुरैना के एसपी समीर सौरभ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीआई दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर दिया और उन्हें पुलिस लाइन में अटैच कर दिया। रिकॉर्ड के अनुसार, 12 जून 2025 को लवकुश शर्मा को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस पर करीब 13 लाख रुपए कीमत की 18 बाइकें चोरी करने का आरोप था। इसके अलावा, जमानत पर रिहा होने के बाद जनवरी 2026 में लवकुश और उसके साथियों के खिलाफ अवैध विद्युत पंप कनेक्शन काटने और बिजलीकर्मियों से मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ था। यह कार्रवाई भी टीआई शुक्ला के निर्देशन में की गई थी।
टीआई ने दी अपनी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद टीआई दर्शन लाल शुक्ला ने कहा कि भीड़ में कौन कब आया, उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि जो व्यक्ति उन्हें कंधे पर उठाकर घुमा रहा था, वह उनका मुखबिर है और कई मामलों में सूचना देकर मदद भी कर चुका है। टीआई ने यह भी कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि यह व्यक्ति बाइक चोरी के मामलों में आरोपी है। हालांकि, इस मामले ने पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब आगे की जांच के बाद ही असली निष्कर्ष सामने आएगा।


