MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक अनोखा दृश्य कैमरे में कैद हुआ जब एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ सड़क पर टहलती दिखाई दी। यह वीडियो पेंच टाइगर रिजर्व के रुखड़ बफर जोन से लगे पिंडारी-बुट्टे मार्ग का है। एक व्यक्ति जो वहां से अपनी कार में गुजर रहा था उसने यह अद्भुत दृश्य अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बाघिन और शावकों की उम्र 6 से 7 महीने
वन विभाग के अनुसार यह बाघिन जंगल से भटक कर सड़क पर आ गई थी और उसके साथ लगभग 6 से 7 महीने के चार शावक भी थे। यह क्षेत्र साउथ सिवनी जनरल फॉरेस्ट डिवीजन और पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। विशेषज्ञों का मानना है कि रात के समय इलाके में शांति और कम आवाजाही के कारण बाघिन अपने बच्चों को लेकर खुले में आई होगी।

वीडियो बना गांव के पास नाले के पास
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह वीडियो पिंडारी पुट्ठे गांव के नाले के पास का है जो साउथ सिवनी जनरल फॉरेस्ट डिवीजन के अंतर्गत आता है। हालांकि वहां से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर रुखड़ रेंज शुरू होती है जो पेंच टाइगर रिजर्व का हिस्सा है। इस कारण यह क्षेत्र बफर और जनरल फॉरेस्ट डिवीजन की सीमा पर स्थित है जहां ऐसे नज़ारे कभी-कभी दिखाई दे जाते हैं।
ग्रामीणों को किया गया सतर्क
इस घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल सतर्कता बढ़ा दी है। गांव-गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसी भी तरह की बाघ या शावकों की गतिविधि या पदचिन्ह दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने के लिए कहा गया है। गांव वालों से सहयोग की अपील की गई है ताकि बाघिन और शावकों की सुरक्षा भी बनी रहे और लोगों को भी खतरा न हो।
बढ़ी निगरानी और खोज अभियान
वन विभाग की टीमें अब लगातार क्षेत्र में निगरानी रख रही हैं। ड्रोन और कैमरा ट्रैप्स की मदद से बाघिन और शावकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह से वन क्षेत्र है लेकिन इसमें राजस्व क्षेत्र भी आता है इसलिए दोनों विभाग मिलकर सतर्कता बरत रहे हैं ताकि मानवीय हस्तक्षेप न हो और बाघों की सुरक्षा बनी रहे।


