MP News: बुधवार की सुबह मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के पाली रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर रेलवे स्टेशन में जा घुसा और वहीं से गुजर रही मालगाड़ी से टकरा गया। हादसे की वजह ट्रक के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। ट्रक इतनी तेजी से आया कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जान बचाने के लिए लिया साहसी फैसला
ट्रक ड्राइवर की बहादुरी इस पूरे हादसे में चर्चा का विषय बन गई है। ट्रक चला रहे नौशाद अहमद ने बताया कि जैसे ही उन्हें ब्रेक फेल होने का एहसास हुआ उन्होंने सबसे पहले सामने चलते लोगों की सुरक्षा के बारे में सोचा। चूंकि यह इलाका बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण भीड़भाड़ वाला था इसलिए उन्होंने जानबूझकर ट्रक को बाईं ओर रेलवे ट्रैक की तरफ मोड़ दिया ताकि किसी को नुकसान न हो।

मालगाड़ी से टकराया ट्रक
इसी दौरान ट्रैक पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी और ट्रक उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। न ही ट्रक ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं और न ही ट्रेन के किसी कर्मचारी को नुकसान पहुंचा।
कुछ समय के लिए रुकी रेल सेवा
ट्रक और मालगाड़ी की इस टक्कर के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित हुआ। मौके पर रेलवे अधिकारियों ने तुरंत पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। ट्रक को हटाया गया और थोड़े समय में रेल सेवा दोबारा शुरू कर दी गई। घटना के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और लोग ड्राइवर की बहादुरी की सराहना करते नजर आए।
ड्राइवर पर होगी कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्राइवर ने बहुत समझदारी और बहादुरी दिखाई जिससे कई लोगों की जान बच गई। यह एक ऐसा मामला बन गया है जिसमें कानून और मानवता के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।


