MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। पांच बदमाश बैंक में घुसे, कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के दम पर धमकाया और फायरिंग कर पूरे परिसर में दहशत फैला दी। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात इतनी तेज और सुनियोजित थी कि कुछ ही मिनटों में बदमाश करोड़ों का माल लेकर फरार हो गए।
बैंक मैनेजर से मारपीट और फायरिंग से फैली दहशत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पांच हथियारबंद बदमाश फिल्मी अंदाज में बैंक के अंदर घुसे। प्रवेश करते ही उन्होंने बैंक कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों को बंदूक दिखाकर डराना शुरू कर दिया। विरोध करने पर बैंक मैनेजर के साथ मारपीट की गई और फायरिंग कर माहौल को पूरी तरह भयभीत कर दिया गया। इस दौरान बैंक में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपते नजर आए, जिससे पूरा बैंक परिसर अफरा-तफरी में बदल गया।
10 किलो सोना और 20 लाख कैश लेकर फरार हुए बदमाश
बदमाशों ने महज कुछ ही मिनटों में बैंक के लॉकर को निशाना बनाया और वहां रखे ग्राहकों के गिरवी रखे सोने को लूट लिया। बताया जा रहा है कि करीब 9 से 10 किलो सोना, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, बदमाश अपने साथ ले गए। इसके अलावा 20 लाख रुपये नकद भी लूटे गए। सभी आरोपी पिट्ठू बैग और बड़े थैलों के साथ आए थे और पूरी वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, डीजीपी पहुंचे मौके पर, CCTV फुटेज से मिल रहे सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की तस्वीरें कैद हो गई हैं, जिनके आधार पर जांच तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाना खुद सिंगरौली पहुंचे। इसके अलावा रीवा रेंज के आईजी और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस अलग-अलग टीमें बनाकर लगातार उनकी तलाश कर रही है।


