MP News: शिव वाटिका टाउनशिप में हिंसा कार से कुचलकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दर्दनाक मौत

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बुधवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित शिव वाटिका टाउनशिप (MR-11) में एयरबीएनबी रेंटल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक ने अपनी कार से भीड़ को रौंद दिया, जिसमें 38 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शम्पा पांडेय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और लोग भय के माहौल में नजर आए।

अवैध पेंटहाउस और एयरबीएनबी को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कुलदीप चौधरी नामक व्यक्ति द्वारा अपने पेंटहाउस को एयरबीएनबी के जरिए किराए पर देने से हुई थी। रहवासियों का आरोप था कि रिहायशी इलाके में अनजान लोगों का लगातार आना-जाना सुरक्षा के लिहाज से खतरा पैदा कर रहा है। सोसाइटी के अध्यक्ष गौरव नायक के मुताबिक यह पेंटहाउस बिल्डिंग के मूल नक्शे का हिस्सा नहीं था और इसे अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। इस मुद्दे को लेकर कई बार बैठकें भी हुईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका और तनाव लगातार बढ़ता गया।

बिजली काटने से शुरू हुआ विवाद, कार से हमला

बुधवार रात करीब 10:30 बजे स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब कुछ नाराज रहवासियों ने पेंटहाउस की बिजली काट दी। इसके जवाब में कुलदीप चौधरी नीचे आए और उन्होंने अन्य फ्लैट्स की बिजली काटनी शुरू कर दी, जिससे विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान कुलदीप के बेटे मोहित चौधरी ने कार से नीचे खड़े लोगों पर हमला कर दिया। चश्मदीदों के अनुसार, उसने पहले एक महिला कर्मचारी को टक्कर मारी और फिर सीधे शम्पा पांडेय को कुचल दिया। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण शम्पा की मौत हो गई।

CCTV में कैद वारदात, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद शम्पा पांडेय को तुरंत बॉम्बे हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके पति सौरभ पांडेय ने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी, न कि हादसा। उन्होंने बताया कि आरोपी ने जानबूझकर गाड़ी से उनकी पत्नी को दोबारा कुचला। यह पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। लसूडिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता कुलदीप चौधरी और बेटे मोहित चौधरी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। साथ ही एयरबीएनबी संचालन की वैधता की भी जांच की जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!