MP News: चरगवां के बम्बाबारी गांव में हिंसक झड़प, जमीन विवाद ने लिया खतरनाक मोड़

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर चरगवां थाना क्षेत्र के बम्बाबारी गांव में होलिका दहन के दिन पुराना जमीनी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। खेत तक जाने वाले सरकारी रास्ते को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच पिछले चार-पांच वर्षों से तनातनी चल रही थी। हाल ही में प्रशासन द्वारा सीमांकन कर रास्ता तय किए जाने के बावजूद विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ था। त्योहार के दिन दोपहर में मामूली कहासुनी शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्रामीणों के अनुसार विवाद इतना बढ़ा कि गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला, सात लोग घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और सब्बल जैसे धारदार औजारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में कुल सात लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से 34 वर्षीय प्रेमवती बाई पटेल, 38 वर्षीय गोविंद पटेल, 66 वर्षीय कोमल पटेल, 60 वर्षीय सियाबाई पटेल और 36 वर्षीय टेकसिंह पटेल को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष से 55 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पटेल और उनकी 45 वर्षीय पत्नी जानकी बाई घायल हुए हैं। घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। सभी घायलों को जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप

घायल टेकसिंह पटेल ने आरोप लगाया कि वे लोग खेत में काम कर रहे थे, तभी अमित पटेल, लक्ष्मण पटेल, जानकी बाई और आरती बाई वहां पहुंचे और सब्बल से हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता, भाई और परिवार की महिलाओं पर जानलेवा वार किए गए। टेकसिंह ने कहा कि जिस जमीन को लेकर विवाद है वह उनकी निजी जमीन है और हाल ही में तहसीलदार द्वारा सीमांकन किया गया था। इसके बावजूद सामने वाला पक्ष उसे सरकारी जमीन बताकर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। वहीं दूसरे पक्ष की आरती बाई का कहना है कि प्रशासन, पटवारी और पुलिस की मौजूदगी में रास्ता निर्धारित किया गया था। उनके अनुसार वे चिन्हित मार्ग से लौट रहे थे, तभी सामने वाले पक्ष ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। आरती बाई ने आरोप लगाया कि उनके पिता पर नुकीले औजार से हमला किया गया और उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण, गांव में तैनात अतिरिक्त बल

मामले को लेकर थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने बताया कि खेत तक जाने वाले सरकारी रास्ते को लेकर दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई प्रकाश पटेल के अनुसार सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।

लेटेस्ट न्यूज़
- Advertisment -

धार्मिक

error: Content is protected !!